
वाहिनी की व्यवस्थाओं का लिया जायजा, अनुशासन, प्रशिक्षण और आधुनिक तकनीक के प्रभावी उपयोग पर दिया जोर
- प्रियंका दुबे
गोरखपुर। पुलिस महानिदेशक पीएसी, उत्तर प्रदेश आलोक सिंह ने शनिवार को 26वीं वाहिनी पीएसी का भ्रमण एवं निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वाहिनी की विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लेने के साथ अधिकारियों एवं जवानों के साथ सैनिक सम्मेलन आयोजित कर उनकी समस्याओं, सुझावों और आवश्यकताओं को सुना।
भ्रमण के दौरान पुलिस महानिदेशक को वाहिनी द्वारा औपचारिक सलामी दी गई। इसके बाद उन्होंने वाहिनी परिसर, कार्यालय, शस्त्रागार, पुलिस मॉर्डन स्कूल, परिवहन शाखा, केंद्रीय पुलिस कैंटीन, राजपत्रित गेस्ट हाउस, बैरक, भोजनालय, चिकित्सालय, बाढ़ राहत उपकरण, प्रशिक्षण व्यवस्था सहित अन्य महत्वपूर्ण व्यवस्थाओं का विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अभिलेखों एवं उपलब्ध संसाधनों का अवलोकन करते हुए उनके समुचित रखरखाव एवं प्रभावी संचालन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के उपरांत संगोष्ठी भवन में पुलिस महानिदेशक आलोक सिंह की अध्यक्षता में सैनिक सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में उन्होंने अधिकारियों एवं जवानों से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं, सुझावों एवं आवश्यकताओं को गंभीरता से सुना तथा उनके गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
अपने संबोधन में डीजी पीएसी ने सभी कार्मिकों से उच्च स्तर का अनुशासन बनाए रखने, नियमित प्रशिक्षण के माध्यम से शारीरिक एवं मानसिक दक्षता विकसित करने तथा आधुनिक तकनीकों का प्रभावी उपयोग करते हुए जनसेवा और कर्तव्यनिष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया। उन्होंने बल के मनोबल, कल्याण और कार्यकुशलता को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए सभी अधिकारियों को जवानों के हितों का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।


