
सीपी मोहित अग्रवाल एवं डीएम सत्येंद्र कुमार ने सुरक्षा, यातायात और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का लिया जायजा
- रोशनी सिंह
वाराणसी। श्रावण मास में कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुचारु एवं व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल एवं जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने संयुक्त रूप से विभिन्न मार्गों एवं व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कांवड़ियों के लिए बनाए गए विश्राम शिविरों, आरक्षित लेन, पुलिस चौकियों, पीआरवी की तैनाती, यातायात प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने, यातायात को सुचारु रखने तथा श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क है। वहीं, जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
अधिकारियों ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो, इसके लिए संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी तथा श्रद्धालुओं को हर संभव सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही सभी संबंधित अधिकारियों को सतर्कता एवं समन्वय के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए गए।


