महिलाओं को सुरक्षा, अधिकार, साइबर अपराध और सरकारी योजनाओं के प्रति किया गया जागरूक
- मोहित कुमार
महोबा। उत्तर प्रदेश सरकार के मिशन शक्ति फेज-5.0 अभियान के अंतर्गत थाना महोबकंठ पुलिस द्वारा थाना क्षेत्र में ‘बहू–बेटी सम्मेलन’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं, बहुओं, बालिकाओं, छात्राओं, आंगनबाड़ी एवं आशा कार्यकर्त्रियों सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
सम्मेलन के दौरान महिलाओं को नारी सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन, महिला अधिकारों, घरेलू हिंसा, दहेज प्रथा, बाल विवाह निषेध, साइबर अपराध से बचाव तथा विभिन्न सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।
पुलिस टीम ने महिलाओं और बालिकाओं को आपात स्थिति में सहायता प्राप्त करने के लिए यूपी-112, महिला हेल्पलाइन-1090, महिला हेल्पलाइन-181, चाइल्ड हेल्पलाइन-1098 तथा साइबर हेल्पलाइन-1930 सहित महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी।
कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं और छात्राओं को किसी भी प्रकार की समस्या या उत्पीड़न की स्थिति में बिना किसी संकोच के पुलिस से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया गया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण सुनिश्चित करना मिशन शक्ति अभियान का प्रमुख उद्देश्य है।


