विश्वकर्मा पोर्टल पर होगी सभी परियोजनाओं की मैपिंग, गुणवत्ता व समयबद्ध निर्माण सुनिश्चित करने के निर्देश
- नरेश राठौर
झांसी। जनपद में 50 लाख रुपये से अधिक लागत वाली निर्माणाधीन परियोजनाओं की गुणवत्ता एवं प्रगति सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी गौरांग राठी ने बड़ा प्रशासनिक कदम उठाया है। उन्होंने सभी प्रमुख निर्माण कार्यों की निगरानी के लिए 23 निरीक्षण टीमों का गठन किया है, जो नियमित रूप से परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण कर गुणवत्ता और प्रगति की रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगी।
जिलाधिकारी ने समीक्षा बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप और तय समय-सीमा के भीतर पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि किसी भी परियोजना में गुणवत्ता से समझौता या अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्थाओं के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में विश्वकर्मा पोर्टल पर सभी निर्माणाधीन मार्गों और परियोजनाओं की मैपिंग सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। इसका उद्देश्य एक ही कार्य की दोहरी स्वीकृति, वित्तीय अनियमितताओं तथा रिकॉर्ड संबंधी त्रुटियों को रोकना है। जिलाधिकारी ने कहा कि डिजिटल मॉनिटरिंग से निर्माण कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ेगी।
समीक्षा के दौरान जिन विभागों की परियोजनाओं की प्रगति संतोषजनक नहीं पाई गई, उन्हें कड़ी फटकार लगाते हुए निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सभी परियोजनाओं की नियमित निगरानी करें और किसी भी बाधा का तत्काल समाधान कर कार्यों को समय पर पूरा कराएं।
जिलाधिकारी गौरांग राठी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जनहित से जुड़ी सभी विकास परियोजनाओं में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रशासन का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि जनता को विकास कार्यों का लाभ समय पर और उच्च गुणवत्ता के साथ मिल सके।


