10 से 15 अगस्त तक चलेगा राष्ट्रव्यापी अभियान, पारस मदान, सीमा कमल और आशीष बाजपेई बनाए गए सहसंयोजक
- सौम्या पाण्डेय
कानपुर नगर। भारतीय जनता पार्टी कानपुर उत्तर ने आगामी ‘हर घर तिरंगा’ एवं ‘तिरंगा यात्रा’ अभियान की तैयारियां तेज कर दी हैं। अभियान को प्रभावी और व्यापक रूप से संचालित करने के लिए जिला अध्यक्ष अनिल दीक्षित ने जिला महामंत्री अभिनव दीक्षित को अभियान का जिला संयोजक नियुक्त किया है। वहीं पारस मदान, सीमा कमल और आशीष बाजपेई को सहसंयोजक की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
जिला मीडिया प्रभारी अनुराग शर्मा ने बताया कि केंद्र सरकार के आह्वान पर आयोजित होने वाला यह राष्ट्रव्यापी अभियान 10 अगस्त से 15 अगस्त तक संचालित किया जाएगा। अभियान के दौरान भाजपा कार्यकर्ता घर-घर जाकर नागरिकों से अपने घरों पर तिरंगा फहराने का आग्रह करेंगे तथा राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान और देशभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करेंगे।
उन्होंने बताया कि अभियान के अंतर्गत मंडल और जिला स्तर पर भव्य तिरंगा यात्राओं का भी आयोजन किया जाएगा। इन यात्राओं में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता, युवा, महिलाएं, सामाजिक संगठन तथा बड़ी संख्या में आम नागरिक शामिल होंगे। अभियान का उद्देश्य स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता और तिरंगे के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करना है।
भाजपा नेतृत्व का कहना है कि अभियान को जन-आंदोलन का स्वरूप देने के लिए सभी मंडलों में व्यापक जनसंपर्क किया जाएगा। प्रत्येक कार्यकर्ता को अपने क्षेत्र में अधिक से अधिक परिवारों को इस अभियान से जोड़ने की जिम्मेदारी दी गई है, ताकि स्वतंत्रता दिवस पूरे उत्साह, गौरव और राष्ट्रीय एकता के संदेश के साथ मनाया जा सके।


