वायरल वीडियो की जांच शुरू, आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाल रही पुलिस
आशा चौधरी
गाजियाबाद। दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन में शामिल होने जा रहे छात्रों से कथित मारपीट के मामले में पुलिस ने सत्यम पंडित के खिलाफ जांच तेज कर दी है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस घटना की पड़ताल कर रही है। साथ ही सत्यम पंडित के अन्य विवादित वीडियो और उसके आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, गाजियाबाद के सिहानी क्षेत्र निवासी सत्यम पंडित स्वयं को राष्ट्रीय हिंदू वीर सेना का राष्ट्रीय अध्यक्ष बताता है। आरोप है कि उसने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा कर छात्रों को धमकाया और उनके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया। वायरल वीडियो में छात्रों के साथ मारपीट का भी आरोप लगाया गया है।

डीसीपी सिटी धवल जायसवाल ने बताया कि युवकों के साथ मारपीट का वायरल वीडियो दिल्ली का है। पुलिस सभी उपलब्ध वीडियो और तथ्यों की जांच कर रही है। जांच के आधार पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
पीड़ित छात्र के अनुसार, घटना 23 जुलाई की है। उसने बताया कि वह अपने एक साथी के साथ गुरुद्वारे से निकल रहा था, तभी सत्यम पंडित और उसके साथ मौजूद लोगों ने उन्हें घेर लिया। छात्र का आरोप है कि उनके साथ मारपीट और गाली-गलौज की गई। उसने यह भी दावा किया कि उस समय उनकी गाड़ी में पांच से छह लोग मौजूद थे और मौके पर होने के बावजूद उन्हें तत्काल मदद नहीं मिल सकी।
पुलिस के अनुसार, सत्यम पंडित के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। उस पर वर्ष 2024 में कथित भड़काऊ भाषण देने के मामले में गिरफ्तारी हो चुकी है। इसके अलावा फरवरी 2026 में मीट विक्रेताओं के साथ कथित मारपीट के मामले में भी उसके खिलाफ कार्रवाई की गई थी। अब पुलिस मौजूदा मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।


