HomeNEWSमण्डलीय परिवहन प्राधिकरण की बैठक में कई अहम फैसले, 168 परमिट निरस्त

मण्डलीय परिवहन प्राधिकरण की बैठक में कई अहम फैसले, 168 परमिट निरस्त

परमिट, नवीनीकरण और परिवहन व्यवस्था से जुड़े प्रस्तावों पर आयुक्त के. विजयेन्द्र पांडियन की अध्यक्षता में हुई समीक्षा

  • प्रियंका द्विवेदी

कानपुर नगर। आयुक्त, कानपुर मंडल के. विजयेन्द्र पांडियन की अध्यक्षता में मंगलवार को सम्भागीय परिवहन प्राधिकरण (आरटीए) की बैठक आयोजित हुई। बैठक में परिवहन व्यवस्था, परमिट, नवीनीकरण तथा विभिन्न परिवहन संबंधी प्रस्तावों पर विस्तृत चर्चा करते हुए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

बैठक में सदस्य के रूप में जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह, उप परिवहन आयुक्त (परिक्षेत्र) आर.आर. सोनी तथा सचिव एवं सम्भागीय परिवहन अधिकारी राकेन्द्र कुमार सिंह उपस्थित रहे। अधिकारियों ने विभिन्न एजेंडा बिंदुओं पर संबंधित आवेदकों एवं मोटर ऑपरेटरों की बात सुनने के बाद आवश्यक निर्णय लिए।

बैठक में कैरेज बाई रोड एक्ट-2007 के अंतर्गत कॉमन कैरियर श्रेणी में छह नए पंजीकरण तथा पांच नवीनीकरण के आवेदनों को स्वीकृति प्रदान की गई।

वहीं, मोटरयान अधिनियम-1988 की धारा-84 के तहत परमिट की शर्तों का उल्लंघन करने वाले 18 वाहनों के परमिट निरस्त करने का निर्णय लिया गया। इसके अलावा तीन वर्ष से अधिक समय तक नवीनीकरण नहीं कराने वाले 150 स्थायी जनभार वाहन परमिटों को भी निरस्त करने की कार्रवाई का निर्णय लिया गया।

बैठक में उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (रोडवेज) द्वारा कानपुर–औरैया वाया विहारघाट मार्ग पर संचालित बसों के परमिटों के नवीनीकरण संबंधी प्रस्तावों पर भी विचार कर आवश्यक निर्णय लिए गए।

इसके अतिरिक्त टाटा मैजिक 9+डी (चालक सहित) बीएस-6 फेज-2 सीएनजी एवं पेट्रोल चालित वाहनों सहित मोटरयान अधिनियम की धारा-2(40) के अनुरूप निर्मित अन्य वाहनों के लिए परमिटविहीन वर्गीकृत मार्गों पर धारा-68(4) के अंतर्गत प्रति मंजिली गाड़ी परमिट स्वीकृत किए जाने के प्रस्ताव पर भी विस्तार से चर्चा कर निर्णय लिया गया।

बैठक में अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि परिवहन व्यवस्था को अधिक व्यवस्थित, सुरक्षित और नियमबद्ध बनाने के उद्देश्य से परमिट संबंधी मामलों की नियमित समीक्षा जारी रहेगी तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments