HomeNEWSस्वदेशी नस्ल की गायों को मिलेगा बढ़ावा, 28 पशुपालकों का ई-लॉटरी से...

स्वदेशी नस्ल की गायों को मिलेगा बढ़ावा, 28 पशुपालकों का ई-लॉटरी से चयन

मुख्यमंत्री स्वदेशी गौ-संवर्धन योजना के तहत गिर, साहीवाल समेत उन्नत नस्ल की गायों पर ₹80 हजार तक अनुदान

  • प्रियंका द्विवेदी

कानपुर नगर। जनपद में गिर, साहीवाल, हरियाणा और थारपारकर जैसी उन्नत स्वदेशी दुधारू नस्ल की गायों के पालन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री स्वदेशी गौ-संवर्धन योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 28 पशुपालकों का चयन ई-लॉटरी के माध्यम से किया गया। चयनित लाभार्थी दो-दो उन्नत स्वदेशी दुधारू गायों की इकाई स्थापित कर दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के साथ अपनी आय में भी वृद्धि कर सकेंगे।

कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता एवं मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जे. जैन की उपस्थिति में ई-लॉटरी प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न कराई गई। जनपद को मिले 28 लाभार्थियों के लक्ष्य के अनुरूप 14 पुरुष एवं 14 महिला पशुपालकों का चयन किया गया।

योजना के अंतर्गत देश की प्रमुख स्वदेशी नस्लों गिर, साहीवाल, हरियाणा और थारपारकर की दुधारू गायों के पालन को प्रोत्साहित किया जाएगा। इसका उद्देश्य इन नस्लों का संरक्षण एवं संवर्धन, दुग्ध उत्पादन में वृद्धि तथा पशुपालन को ग्रामीण परिवारों के लिए स्थायी आय का स्रोत बनाना है।

चयनित पशुपालक प्रदेश के बाहर से निर्धारित मानकों के अनुरूप प्रथम या द्वितीय ब्यांत की स्वस्थ एवं रोगमुक्त दो दुधारू गायों का क्रय कर इकाई स्थापित करेंगे। इसके लिए मुख्य विकास अधिकारी स्तर से अनुमति पत्र जारी किए जाएंगे।

योजना के तहत दो उन्नत स्वदेशी दुधारू गायों की एक इकाई की अधिकतम लागत ₹2 लाख निर्धारित की गई है। इसमें गायों की खरीद, परिवहन, ट्रांजिट बीमा, तीन वर्ष का पशु बीमा, चारा काटने की मशीन तथा शेड निर्माण जैसे अनुमन्य व्यय शामिल हैं। इन मदों पर हुए वास्तविक व्यय का 40 प्रतिशत, अधिकतम ₹80 हजार तक अनुदान प्रदान किया जाएगा। योजना के तहत तीन वर्ष का पशु बीमा एवं ट्रांजिट बीमा कराना अनिवार्य होगा।

प्रशासन का मानना है कि इस योजना से जनपद में उन्नत स्वदेशी नस्ल की गायों का संरक्षण और संवर्धन होगा, दुग्ध उत्पादन बढ़ेगा तथा ग्रामीण क्षेत्रों में युवाओं और महिलाओं के लिए स्वरोजगार एवं आय के नए अवसर सृजित होंगे।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments