दो विद्यालयों में 17 छात्राओं को लगी एचपीवी वैक्सीन
- सौम्या पाण्डेय
कानपुर नगर ( बिल्हौर)। सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान के तहत बुधवार को दो विद्यालयों में 17 छात्राओं का टीकाकरण किया गया। अभियान के दौरान छात्राओं को एचपीवी संक्रमण, सर्वाइकल कैंसर के खतरे तथा समय पर वैक्सीन लगवाने के महत्व के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने नेहरू विद्यालय में 16 तथा लक्ष्मी नारायण पिहानी विद्यालय में एक छात्रा को एचपीवी वैक्सीन की सुरक्षा डोज लगाई। स्थानीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की प्रतिरक्षण अधिकारी ज्योति यादव और स्टाफ नर्स प्रज्ञा ने छात्राओं को बताया कि एचपीवी संक्रमण सर्वाइकल कैंसर का प्रमुख कारण है, जिससे समय पर टीकाकरण के माध्यम से काफी हद तक बचाव संभव है।

(आईओ) प्रतिरक्षण अधिकारी ज्योति यादव ने बताया कि स्वास्थ्य केंद्र के माध्यम से पात्र किशोरियों का पंजीकरण कर घर-घर जाकर भी एचपीवी टीकाकरण कराया जा रहा है। हालांकि जागरूकता की कमी के कारण अभियान की रफ्तार अपेक्षा के अनुरूप नहीं है, लेकिन लक्ष्य क्षेत्र की प्रत्येक पात्र छात्रा तक वैक्सीन पहुंचाकर सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम को प्रभावी बनाना है।
अभियान को सफल बनाने में दोनों विद्यालयों के प्रधानाचार्यों और शिक्षकों ने सक्रिय सहयोग किया। स्वास्थ्य विभाग ने अभिभावकों से अपील की कि वे अपनी पात्र बेटियों का समय पर एचपीवी टीकाकरण कराकर उन्हें भविष्य में सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखें।


