
महिलाओं की सुरक्षा, घरेलू हिंसा, साइबर अपराध की रोकथाम और सामाजिक समरसता पर दिया गया जागरूकता संदेश
- रवि कुमार गुप्ता
झांसी। एडीजी कानपुर जोन अनुपम कुलश्रेष्ठ के निर्देशन में ऑपरेशन जागृति के अंतर्गत थाना प्रेमनगर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी गौरांग राठी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बी.बी.जी.टी.एस. मूर्ति सहित पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही संवाद और आपसी समझ के माध्यम से पारिवारिक विवादों के समाधान, घरेलू हिंसा, साइबर अपराध तथा अन्य सामाजिक अपराधों की रोकथाम के संबंध में आमजन को विस्तृत जानकारी दी गई।

अधिकारियों ने उपस्थित लोगों से कानून का पालन करने, महिला सम्मान को बढ़ावा देने तथा सामाजिक समरसता बनाए रखने में सक्रिय जनसहभागिता की अपील की। उन्होंने कहा कि समाज और पुलिस के आपसी सहयोग से ही अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सकता है तथा महिलाओं के लिए सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित किया जा सकता है।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों, महिलाओं एवं युवाओं ने भाग लिया और सुरक्षा एवं जागरूकता से जुड़े विभिन्न विषयों पर जानकारी प्राप्त की।


