इतिहास विभाग के कार्यक्रम में काकोरी ट्रेन एक्शन और क्रांतिकारी मित्रता पर हुई चर्चा
- हरिओम गुप्ता
कानपुर नगर। क्राइस्ट चर्च कॉलेज, कानपुर के इतिहास विभाग द्वारा 8 अगस्त 2026 को रसायन विज्ञान सेमिनार कक्ष में ‘काकोरी दिवस’ के अवसर पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ऐतिहासिक काकोरी ट्रेन एक्शन का स्मरण करते हुए भारतीय स्वतंत्रता संग्राम में इसके महत्व एवं क्रांतिकारियों के योगदान को रेखांकित करना रहा।
कार्यक्रम का संचालन सुश्री अपराजिता सिंह ने किया। इतिहास विभाग की अंतिम वर्ष की बीए छात्रा सुश्री उन्नति मेहरोत्रा ने काकोरी की घटना एवं उससे मिलने वाली प्रेरणाओं पर प्रकाश डाला।
इतिहास विभाग की शिक्षिका सुश्री उज्मा मुमताज ने काकोरी ट्रेन एक्शन के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने विशेष रूप से क्रांतिकारी राम प्रसाद बिस्मिल और अशफाकउल्ला खान की मित्रता एवं स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान को रेखांकित किया।
मुख्य वक्ता डॉ. हरेंद्र नारायण सिंह ने स्थानीय इतिहास के अध्ययन के महत्व पर बल दिया। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने क्षेत्र से जुड़े स्वतंत्रता सेनानियों एवं क्रांतिकारियों के योगदान का अध्ययन करने और उनके संघर्ष से प्रेरणा लेने के लिए प्रोत्साहित किया।
कार्यक्रम में डॉ. श्वेता चंद, उप-प्राचार्य, डॉ. रामाशंकर सिंह सहित शिक्षकगण एवं अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन डॉ. रामाशंकर सिंह के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों, वक्ताओं, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया।


