HomeNEWSसीएसए में एचपीवी और सर्वाइकल कैंसर को लेकर जागरूकता अभियान

सीएसए में एचपीवी और सर्वाइकल कैंसर को लेकर जागरूकता अभियान

नुक्कड़ नाटक, पोस्टर और जागरूकता रैली के जरिए विद्यार्थियों ने बताया बचाव और टीकाकरण का महत्व

  • हरिओम गुप्ता

कानपुर नगर। चन्द्रशेखर आज़ाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (सीएसए), कानपुर में स्त्री वेलफेयर फाउंडेशन द्वारा संचालित “आनंदी माँ–एक जीवन बचाओ अभियान (कैंसर मुक्त भारत यात्रा) 2026-27” के अंतर्गत एचपीवी जागरूकता सेमिनार एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य एचपीवी संक्रमण, सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम, एचपीवी टीकाकरण तथा समय पर स्वास्थ्य जांच के प्रति लोगों को जागरूक करना रहा।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने स्थानीय लोगों के बीच नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर एचपीवी संक्रमण और सर्वाइकल कैंसर से जुड़े महत्वपूर्ण संदेश दिए। स्लोगन, पोस्टर एवं लेखन के माध्यम से सर्वाइकल कैंसर के कारण, लक्षण, बचाव के उपाय तथा एचपीवी वैक्सीन के महत्व को सरल एवं प्रभावी तरीके से समझाया गया।

इसके बाद विद्यार्थियों ने स्थानीय क्षेत्र में जागरूकता रैली निकालकर लोगों को सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम और एचपीवी टीकाकरण के प्रति जागरूक किया। रैली के दौरान विद्यार्थियों ने स्थानीय लोगों से संवाद स्थापित करते हुए नियमित स्वास्थ्य जांच और बीमारी की समय पर पहचान के महत्व की जानकारी दी।

कार्यक्रम का आयोजन डॉ. संघमित्रा महापात्रा, सह अधिष्ठाता छात्र कल्याण एवं एसोसिएट प्रोफेसर, विभाग विस्तार शिक्षा एवं संचार प्रबंधन, कॉलेज ऑफ कम्युनिटी साइंस के मार्गदर्शन एवं समन्वय में किया गया। जागरूकता अभियान में शोध छात्राएं कोमल शुक्ला, दीक्षा श्रीवास्तव, मोनिका वर्मा एवं रागिनी सिंह ने सक्रिय भूमिका निभाई।

कार्यक्रम के दौरान स्थानीय लोगों को एचपीवी संक्रमण से बचाव, सर्वाइकल कैंसर की प्रारंभिक पहचान, नियमित स्वास्थ्य जांच एवं एचपीवी टीकाकरण के महत्व के बारे में जानकारी दी गई।

कार्यक्रम का मुख्य संदेश रहा— “जागरूक बनें, एचपीवी से बचें और सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम में सहभागी बनें।”

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments