
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अमर उजाला का भव्य आयोजन, पुलिस आयुक्त ने विजेताओं को किया पुरस्कृत
- ज्योति सिंह
कानपुर नगर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अमर उजाला समाचार पत्र की ओर से राघवेंद्र स्वरूप ऑडिटोरियम में ‘मां तुझे प्रणाम’ ग्रुप डांस प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पुलिस आयुक्त को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया।

प्रतियोगिता में शहर के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। विद्यार्थियों ने देशभक्ति एवं राष्ट्रप्रेम से ओत-प्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और शानदार नृत्य के माध्यम से सभागार में मौजूद दर्शकों का मन मोह लिया। रंगारंग प्रस्तुतियों के दौरान पूरा सभागार देशभक्ति के उत्साह से सराबोर नजर आया।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर पुलिस आयुक्त ने प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कार वितरित किए। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
पुलिस आयुक्त ने विद्यार्थियों की प्रतिभा एवं देशभक्ति की भावना की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों में राष्ट्रप्रेम, अनुशासन और सांस्कृतिक चेतना को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।


