विधानसभा की कार्यप्रणाली और संसदीय व्यवस्था को छात्रों ने नजदीक से समझा
- अंकित बाजपेई
कानपुर। छात्र नेता कुशाग्र द्विवेदी के नेतृत्व में कानपुर के 25 सदस्यीय विधि छात्र प्रतिनिधिमंडल ने उत्तर प्रदेश विधानसभा का शैक्षणिक एवं ज्ञानवर्धक भ्रमण किया। इस दौरान छात्रों ने विधानसभा की कार्यप्रणाली, सदन की कार्यवाही, संसदीय व्यवस्था और लोकतांत्रिक प्रक्रिया के विभिन्न पहलुओं को नजदीक से समझा।
भ्रमण के दौरान छात्र प्रतिनिधिमंडल ने उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना से भेंट कर उनका मार्गदर्शन एवं आशीर्वाद प्राप्त किया। विधानसभा अध्यक्ष ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए उन्हें लोकतंत्र, संविधान और संसदीय परंपराओं के महत्व से अवगत कराया। उनका प्रेरणादायक एवं उत्साहवर्धक मार्गदर्शन छात्रों के लिए विशेष रूप से स्मरणीय रहा।

छात्र नेता कुशाग्र द्विवेदी ने कहा कि विधानसभा अध्यक्ष का विद्यार्थियों के प्रति आत्मीय व्यवहार, मार्गदर्शन और उत्साहवर्धन सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि यह शैक्षणिक भ्रमण विधि छात्रों के लिए लोकतंत्र, संविधान और संसदीय व्यवस्था को प्रत्यक्ष रूप से समझने का महत्वपूर्ण अवसर साबित हुआ।
उन्होंने कहा कि इस प्रकार के शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों को पुस्तकीय ज्ञान के साथ-साथ लोकतांत्रिक संस्थाओं की वास्तविक कार्यप्रणाली को समझने में मदद करते हैं।


