HomeNEWSवार्ड-76 के विकास कार्यों में हस्तक्षेप का आरोप, पार्षद कौशिक बाजपेई ने...

वार्ड-76 के विकास कार्यों में हस्तक्षेप का आरोप, पार्षद कौशिक बाजपेई ने अपर नगर आयुक्त से की शिकायत

वार्ड की सीमा और विकास कार्यों से जुड़ा मानचित्र सौंपकर कार्रवाई की मांग

  • हरिओम गुप्ता

कानपुर। नगर निगम के वार्ड-76 हरबंस मोहाल के विकास कार्यों में अन्य वार्ड के पार्षद द्वारा कथित हस्तक्षेप किए जाने का मामला सामने आया है। इस संबंध में वार्ड-76 के पार्षद कौशिक बाजपेई (रजत) ने बुधवार को नगर आयुक्त की अनुपस्थिति में अपर नगर आयुक्त जगदीश यादव से मुलाकात कर पूरे प्रकरण की जानकारी दी और आवश्यक कार्रवाई की मांग की।

पार्षद कौशिक बाजपेई ने बताया कि उनके निर्वाचित वार्ड-76 हरबंस मोहाल के अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों में वार्ड-79 चटाई मोहाल के पार्षद विकास जायसवाल द्वारा लगातार हस्तक्षेप किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि इससे क्षेत्र में होने वाले विकास कार्यों को प्रभावित करने का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि स्थानीय जनता ने उन्हें अपना प्रतिनिधि चुनकर पार्षद निर्वाचित किया है। ऐसे में वार्ड-76 के अंतर्गत होने वाले विकास कार्यों और जनहित से जुड़े कार्यों के संबंध में स्थानीय निर्वाचित जनप्रतिनिधि को जानकारी देना और समन्वय स्थापित करना आवश्यक है।

जेई और अधिकारियों पर शिकायतों की अनदेखी का आरोप

कौशिक बाजपेई ने आरोप लगाया कि इस संबंध में संबंधित जेई और अधिकारियों को कई बार मौखिक एवं लिखित रूप से अवगत कराया गया, लेकिन उनकी शिकायतों और स्थानीय जनता की समस्याओं को गंभीरता से नहीं लिया गया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता लगातार विकास कार्यों और अन्य समस्याओं को लेकर उनसे शिकायत कर रही है।

पार्षद ने अपर नगर आयुक्त को नगर निगम द्वारा शासन को भेजे गए वार्डों की सीमा एवं क्षेत्रफल निर्धारण संबंधी मानचित्र की नगर निगम द्वारा प्रमाणित रंगीन छायाप्रति भी उपलब्ध कराई। उन्होंने कहा कि इससे संबंधित क्षेत्र की वास्तविक सीमा स्पष्ट हो सकेगी।

विकास कार्यों में अनावश्यक हस्तक्षेप रोकने की मांग

कौशिक बाजपेई ने मांग की कि वार्ड-76 के अंतर्गत होने वाले प्रत्येक विकास एवं जनहित के कार्य की जानकारी उन्हें अनिवार्य रूप से दी जाए। साथ ही संबंधित जोनल अधिकारी, जोन-01 और जेई को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएं।

उन्होंने यह भी मांग की कि उनके निर्वाचित वार्ड में होने वाले विकास कार्यों में किसी अन्य वार्ड के पार्षद का अनावश्यक हस्तक्षेप न हो तथा क्षेत्र में होने वाले सभी जनहित के कार्य स्थानीय निर्वाचित जनप्रतिनिधि की जानकारी, देखरेख और समन्वय से कराए जाएं।

अपर नगर आयुक्त जगदीश यादव ने प्रकरण को संज्ञान में लेते हुए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

इस दौरान पार्षद साथी मो. सारिया, फैजान रहमान, अर्पित यादव, मो. अली और अनवर अली मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments