चार टीमों ने लिया हिस्सा, छह राउंड में चिकित्सा ज्ञान और सामान्य जानकारी की हुई रोचक परीक्षा
- हरिओम गुप्ता
कानपुर नगर। भारतीय बाल रोग एकेडमी द्वारा 39वें यूजी क्विज कार्यक्रम का आयोजन मेडिकल कॉलेज, कानपुर में उत्साहपूर्ण एवं शैक्षणिक माहौल में किया गया। प्रतियोगिता में कुल चार टीमों ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम के दौरान छह अलग-अलग राउंड आयोजित किए गए, जिनमें चिकित्सा संबंधी जानकारी, सामान्य प्रश्नोत्तर, विजुअल राउंड और रैपिड फायर राउंड प्रमुख रहे।
क्विज को ज्ञानवर्धक एवं रोचक बनाने के लिए विभिन्न विषयों से जुड़े प्रश्न प्रतिभागियों के सामने रखे गए। प्रतियोगिता के दौरान सभी टीमों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली और प्रतिभागियों ने अपनी चिकित्सकीय जानकारी एवं त्वरित निर्णय क्षमता का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम में क्विज मास्टर के रूप में डॉ. अनुकृति मिश्रा तथा स्कोरर डॉ. रितुजा वर्मा ने दक्षता एवं प्रभावशाली ढंग से प्रतियोगिता का संचालन किया। दोनों ने विभिन्न राउंड को व्यवस्थित तरीके से संचालित करते हुए कार्यक्रम को रोचक बनाए रखा।

इस अवसर पर विभागाध्यक्ष एवं सचिव डॉ. शैलेन्द्र गौतम, डॉ. एके आर्या, डॉ. यशवंत राव, डॉ. अमितेश यादव, डॉ. प्रशांत प्रियदर्शिनी एवं डॉ. नेहा अग्रवाल विशेष रूप से उपस्थित रहे।
प्रतियोगिता के सभी राउंड पूरे होने के बाद अंकों के आधार पर विजेताओं का निर्णय किया गया। प्रथम स्थान डॉ. अवंतिका सिंह एवं डॉ. शिवांगी चंद्रा ने प्राप्त किया, जबकि द्वितीय स्थान डॉ. आकृति वर्मा एवं महक दुबे की टीम को मिला।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागी टीमों को प्रमाणपत्र प्रदान किए गए। विजेता एवं उपविजेता टीमों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। आयोजन के माध्यम से मेडिकल छात्रों को अपने ज्ञान को परखने और चिकित्सा क्षेत्र से जुड़ी नवीन जानकारियों को साझा करने का अवसर मिला।


