
विभाजन विभीषिका दिवस पर 1947 की त्रासदी के पीड़ितों को दी श्रद्धांजलि, एकता और अखंडता का लिया संकल्प
- सौम्या पाण्डेय
कानपुर नगर। विभाजन विभीषिका दिवस पर भारतीय जनता पार्टी कानपुर उत्तर द्वारा शुक्रवार को वर्ष 1947 की विभाजन त्रासदी के पीड़ितों को श्रद्धांजलि देते हुए मौन जुलूस निकाला गया। नायरा पेट्रोल पंप, न्यू शिवली रोड से शुरू हुआ मौन मार्च पारस गेस्ट हाउस पहुंचा। यहां भाजपा जिलाध्यक्ष अनिल दीक्षित की अध्यक्षता में संगोष्ठी आयोजित की गई, जिसमें विभाजन की पीड़ा, विस्थापन और उस दौर की अमानवीय त्रासदी को याद किया गया।
संगोष्ठी के मुख्य अतिथि निवर्तमान प्रदेश महामंत्री एवं एमएलसी अनूप गुप्ता ने कहा कि विभाजन केवल देश की सीमाओं का बंटवारा नहीं था, बल्कि मानवता को झकझोर देने वाली ऐसी त्रासदी थी, जिसकी टीस आज भी महसूस की जाती है। उन्होंने कहा कि इस त्रासदी में करीब छह लाख लोगों की जान गई, डेढ़ करोड़ लोगों को पलायन का दंश झेलना पड़ा और एक लाख माताओं-बहनों के साथ अनाचार हुआ।

उन्होंने कहा कि विभाजन की भयावहता को इतिहास के पन्नों से मिटाया नहीं जा सकता। देश की एकता और अखंडता को मजबूत बनाए रखने के लिए नई पीढ़ी को इस त्रासदी के सच से अवगत कराना जरूरी है।
सांसद रमेश अवस्थी, विधायक नीलिमा कटियार, एमएलसी अरुण पाठक एवं विधायक सुरेंद्र मैथानी ने भी संगोष्ठी को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि विभाजन की त्रासदी देश की एकता, अखंडता और सामाजिक समरसता के प्रति और अधिक सजग रहने का संदेश देती है। वक्ताओं ने कहा कि राष्ट्र की एकता और सामाजिक सद्भाव को मजबूत करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।
मौन मार्च के दौरान कार्यकर्ताओं ने विभाजन की त्रासदी में जान गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में विभाजन के दौरान विस्थापित हुए लोगों की पीड़ा और संघर्ष को याद करते हुए राष्ट्र की एकता एवं अखंडता को बनाए रखने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम का संचालन पारस मदान ने किया। इस अवसर पर महामंत्री अभिनव दीक्षित, अवधेश सोनकर, प्रमोद विश्वकर्मा, जिला मीडिया प्रभारी अनुराग शर्मा, जन्मेजय सिंह, शिवांग मिश्रा, सीमा, सत्यम गुप्ता, किरन तिवारी, शालिनी कटियार, रीता पासवान, रामजी गुप्ता, अभिमन्यु सक्सेना, कौशलेंद्र सिंह परिहार, सोनू राठौर, मनोज प्रधान, मंडल अध्यक्ष राजेश तिवारी, अनीता चतुर्वेदी, रिचा शुक्ला, पूनम कंवर, प्रभाकर अवस्थी, यश जायसवाल, सरिता साहनी एवं स्पर्श कटियार सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।


