
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया शुभारंभ, अमिताभ बच्चन की आवाज और शंकर महादेवन के संगीत से सजा पुलिस के शौर्य को समर्पित गीत
- सौरभ शुक्ला
लखनऊ। राजधानी स्थित लोक भवन में उत्तर प्रदेश पुलिस के गौरव, शौर्य, सेवा, संवेदना और कर्तव्यनिष्ठा को समर्पित गीत ‘खाकी का सितारा’ की भव्य लॉन्चिंग की गई। कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी किया गया। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ‘खाकी का सितारा’ का शुभारंभ किया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ‘खाकी का सितारा’ को उत्तर प्रदेश पुलिस को नई पहचान देने वाला अभिनव प्रयास बताया। उन्होंने कहा कि यह गीत विषम परिस्थितियों में निरंतर अपने कर्तव्य का निर्वहन करने वाले पुलिसकर्मियों के शौर्य, समर्पण और सेवा भावना को अभिव्यक्त करता है। यह गीत प्रत्येक पुलिसकर्मी के लिए प्रेरणा का माध्यम बनेगा।
उन्होंने कहा कि पुलिस की वर्दी केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने का प्रतीक नहीं है, बल्कि इसके पीछे त्याग, संवेदना, अनुशासन और जिम्मेदारी से जुड़ी एक मानवीय कहानी भी है। ‘खाकी का सितारा’ इसी भावना को प्रभावी ढंग से सामने लाने का प्रयास है।

पुलिस महानिदेशक ने गीत के संबंध में कहा कि ‘खाकी का सितारा’ केवल उत्तर प्रदेश पुलिस की उपलब्धियों का गीत नहीं, बल्कि वर्दी के पीछे मौजूद इंसान की कहानी भी है। यह उन हजारों पुलिसकर्मियों के साहस, अनुशासन, संवेदना और कर्तव्यनिष्ठा की अभिव्यक्ति है, जो प्रतिदिन बिना किसी अपेक्षा के अपना दायित्व निभाते हैं।
गीत में खाकी के उन अनकहे संघर्षों और भावनाओं को स्वर दिया गया है, जिन्हें पुलिसकर्मी प्रतिदिन अपने कर्तव्य के दौरान जीते हैं। ड्यूटी की धुन, हौसले की आवाज और सेवा के जज्बे को केंद्र में रखते हुए यह गीत पुलिसकर्मियों के समर्पण को समाज के सामने प्रस्तुत करता है।
‘खाकी का सितारा’ का सस्वर पाठ महानायक अमिताभ बच्चन ने किया है, जबकि गीत को संगीतकार एवं गायक शंकर महादेवन ने अपनी आवाज और संगीत से सजाया है। इसके गीतकार आलोक श्रीवास्तव हैं। गीत में अभिनेता करण आनंद ने अभिनय किया है।

इस प्रस्तुति के निर्देशक अमित सोनकर हैं। डीओपी की जिम्मेदारी प्रवीण तालान, रूपाली तालान एवं आशीष रमेश पांडे ने संभाली। इसका श्रेय प्रखर त्रिपाठी को दिया गया है।
गीत की संकल्पना एवं रचनात्मक निर्देशन राहुल श्रीवास्तव ने किया है, जबकि संपादन का कार्य वैभव नाइक ने किया है।
‘खाकी का सितारा’ के माध्यम से उत्तर प्रदेश पुलिस के उन कर्मवीरों को सम्मान देने का प्रयास किया गया है, जो कठिन परिस्थितियों में भी सेवा, सुरक्षा और कर्तव्य के प्रति समर्पित रहते हुए समाज की रक्षा में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।


