बीएसए आशीष पांडेय ने शिक्षकों को किया प्रोत्साहित, विद्यालयों की वास्तविक समस्याओं के प्रभावी समाधान पर दिया जोर
- आशीष तिवारी
कानपुर देहात। जनपद कानपुर देहात के विकासखंड सरवनखेड़ा में 18 अगस्त 2026 को प्राथमिक विद्यालय सीधामऊ एवं संविलियन विद्यालय स्योदा में शिक्षक संकुल बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष पांडेय ने प्रतिभाग कर विद्यालयों में शैक्षिक गुणवत्ता, निपुण लक्ष्य एवं छात्र-छात्राओं के अधिगम स्तर में सुधार की समीक्षा की।
बैठक के दौरान बीएसए ने शिक्षक संकुलों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि शिक्षक संकुल बैठक को केवल औपचारिकता तक सीमित न रखा जाए। विद्यालयों की वास्तविक शैक्षिक आवश्यकताओं एवं समस्याओं पर गंभीरता से चर्चा कर उनके प्रभावी समाधान सुनिश्चित किए जाएं।
उन्होंने शिक्षकों को छात्र-छात्राओं के अधिगम स्तर में निरंतर सुधार के लिए प्रभावी शिक्षण पद्धतियों को अपनाने तथा निपुण लक्ष्य प्राप्त करने की दिशा में लगातार प्रयास करने के लिए प्रेरित किया।

शिक्षक-शिक्षार्थी संबंधों पर दिया जोर
बीएसए आशीष पांडेय ने शिक्षकों का उत्साहवर्धन करते हुए शिक्षक-शिक्षार्थी के बेहतर संबंध को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की महत्वपूर्ण कड़ी बताया। उन्होंने विद्यालय परिवेश को स्वच्छ, स्वस्थ एवं सकारात्मक बनाए रखने पर जोर दिया।
उन्होंने विद्यालय प्रमुख एवं शिक्षकों के बीच सौहार्दपूर्ण संबंध बनाए रखने तथा विभाग के प्रति अपने नैतिक कर्तव्यों और जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा के साथ निर्वहन करने का आह्वान किया।
बीएसए ने शिक्षकों से संवाद करते हुए उन्हें सरल, सहज और सहयोगात्मक व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि शिक्षक का सहज एवं सकारात्मक व्यवहार विद्यार्थियों के सीखने की क्षमता और विद्यालय के वातावरण पर सकारात्मक प्रभाव डालता है।
बैठक में शैक्षिक गुणवत्ता को बेहतर बनाने, निपुण लक्ष्य हासिल करने और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए सामूहिक प्रयास करने पर विशेष जोर दिया गया।


