
रक्षाबंधन पर मुख्यमंत्री ने बहनों के स्नेह और समर्पण को बताया अनमोल
- नरेश राठौर
उज्जैन। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उज्जैन में श्री महाकालेश्वर मंदिर की महिला कर्मचारियों, सुरक्षाकर्मियों एवं सफाई मित्र बहनों तथा नगर निगम की महिला सफाई मित्रों से राखी बंधवाई।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि रक्षाबंधन भाई-बहन के स्नेह, विश्वास और रक्षा संकल्प का पावन पर्व है। उन्होंने कहा कि समाज और उज्जैन की सेवा में निरंतर समर्पित इन बहनों का स्नेह और आशीर्वाद उनके लिए सदैव अनमोल है।

मुख्यमंत्री ने रक्षाबंधन के अवसर पर सभी बहनों को शुभकामनाएं दीं और उनके समर्पण एवं सेवाभाव की सराहना की। उन्होंने कहा कि समाज और शहर की व्यवस्था को बेहतर बनाने में महिला कर्मचारियों एवं सफाई मित्र बहनों की महत्वपूर्ण भूमिका है।
इस दौरान महाकाल मंदिर परिसर में रक्षाबंधन की आत्मीयता और भाई-बहन के रिश्ते की भावनात्मक झलक देखने को मिली। मुख्यमंत्री ने बहनों के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए उनके सुखद एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।


