HomeBundelkhandमंदाकिनी का जलस्तर बढ़ा, चित्रकूट में बाढ़ जैसे हालात; प्रशासन हाई अलर्ट...

मंदाकिनी का जलस्तर बढ़ा, चित्रकूट में बाढ़ जैसे हालात; प्रशासन हाई अलर्ट पर

रामघाट और निर्मोही अखाड़ा क्षेत्र प्रभावित, ड्रोन से निगरानी; NDRF-SDRF टीमें राहत-बचाव में जुटीं

  • निखिल कुमार

चित्रकूट। मंदाकिनी नदी के जलस्तर में तेजी से बढ़ोतरी के बाद चित्रकूट में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। रामघाट और निर्मोही अखाड़ा समेत कई निचले इलाकों में पानी बढ़ने से प्रशासन को हाई अलर्ट पर रखा गया है। जिला प्रशासन और पुलिस की टीमें लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

चित्रकूट पुलिस द्वारा बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की निगरानी के लिए ड्रोन कैमरों का इस्तेमाल किया जा रहा है। ड्रोन के माध्यम से जलभराव वाले इलाकों की स्थिति, पानी के प्रवाह और लोगों की सुरक्षा का जायजा लिया जा रहा है।

पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह के निर्देश पर पुलिस टीमों को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में सक्रिय किया गया है। अधिकारियों द्वारा मौके पर पहुंचकर जमीनी स्थिति का आकलन किया जा रहा है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां की गई हैं।

जिला मजिस्ट्रेट ने बताया कि रामघाट की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और फिलहाल हालात नियंत्रण में हैं। बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन ने एहतियाती कदम तेज कर दिए हैं। एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें भी बचाव कार्यों में सक्रिय हैं।

प्रशासन ने स्थानीय लोगों और तीर्थयात्रियों से अपील की है कि वे नदी और घाटों के समीप जाने से बचें तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।

राहत एवं बचाव अभियान के तहत जिला मजिस्ट्रेट और पुलिस अधीक्षक ने प्रभावित क्षेत्रों का व्यक्तिगत रूप से निरीक्षण किया। प्रभावित और फंसे हुए लोगों तक खाद्य सामग्री, दवाएं तथा अन्य आवश्यक वस्तुएं पहुंचाई जा रही हैं।

एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें लगातार अभियान चलाकर नदी एवं बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में फंसे तीर्थयात्रियों और स्थानीय लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने में जुटी हैं।

प्रशासन की ओर से जलस्तर और संवेदनशील क्षेत्रों की निरंतर निगरानी की जा रही है। राहत-बचाव दलों को अलर्ट रखा गया है, ताकि जलस्तर में और वृद्धि होने की स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments