ड्यूटी पर तैनात भाइयों की कलाई पर बांधा रक्षा सूत्र, चंदन-टीका लगाकर खिलाई मिठाई
आशा चौधरी
गाजियाबाद। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर निभा फाउंडेशन की ओर से हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी उन पुलिसकर्मियों और सुरक्षाबलों के साथ रक्षाबंधन मनाया गया, जो अपनी ड्यूटी के कारण अपने परिवार के साथ त्योहार नहीं मना पाते हैं।
निभा फाउंडेशन की टीम ने विजयनगर थाना पहुंचकर थाना प्रभारी धर्मपाल एवं पुलिस टीम के साथ रक्षाबंधन का पर्व मनाया। फाउंडेशन की सदस्यों ने पुलिसकर्मियों को चंदन का टीका लगाया, मिठाई खिलाई और उनकी कलाई पर रक्षा सूत्र बांधकर उनकी लंबी उम्र एवं सुखद भविष्य की कामना की।
इसके बाद फाउंडेशन की टीम ने महाराष्ट्र सदन में तैनात सुरक्षाबलों के साथ भी रक्षाबंधन मनाया। बहनों ने सुरक्षाकर्मियों की कलाई पर राखी बांधकर उनके प्रति सम्मान, स्नेह और अपनत्व का भाव व्यक्त किया।
निभा फाउंडेशन की टीम ने कहा कि पुलिसकर्मी और सुरक्षाबल के जवान त्योहारों पर भी अपनी ड्यूटी को प्राथमिकता देते हैं और समाज की सुरक्षा के लिए अपने परिवार से दूर रहते हैं। ऐसे में उनके साथ रक्षाबंधन मनाना संस्था के लिए सम्मान और आत्मीयता का विषय है।
कार्यक्रम के दौरान पुलिसकर्मियों और सुरक्षाबलों ने भी निभा फाउंडेशन की सदस्यों का आभार व्यक्त किया। फाउंडेशन की ओर से सभी सुरक्षा कर्मियों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए उनके स्वस्थ, सुरक्षित और दीर्घायु जीवन की कामना की गई।


