HomeNEWSनगर निगम परिसर में कटोरा लेकर बैठे व्यापारी, सीएम ग्रिड का काम...

नगर निगम परिसर में कटोरा लेकर बैठे व्यापारी, सीएम ग्रिड का काम जल्द पूरा कराने की मांग

दीपावली से 15 दिन पहले निर्माण कार्य पूरा नहीं हुआ तो व्यापार प्रभावित होने की जताई चिंता, नगर आयुक्त को सौंपा ज्ञापन

  • हरिओम गुप्ता

कानपुर नगर। सीएम ग्रिड के सड़क निर्माण कार्य की धीमी गति और शहर की बदहाल सड़कों के विरोध में भारतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के पदाधिकारियों एवं व्यापारियों ने नगर निगम कार्यालय परिसर में सड़क पर बैठकर धरना प्रदर्शन किया। व्यापारियों ने हाथों में कटोरा लेकर नारेबाजी करते हुए कहा कि यदि दीपावली से 15 दिन पहले सीएम ग्रिड की सड़कों का निर्माण पूरा नहीं हुआ तो शहर का करोड़ों रुपये का व्यापार प्रभावित होगा और व्यापारी भीख मांगने की स्थिति में पहुंच जाएंगे।

प्रदेश अध्यक्ष ज्ञानेश मिश्र, जिलाध्यक्ष विजय गुप्ता गोरे, जिला वरिष्ठ महामंत्री मनीष गुप्ता सलोने और प्रदेश मंत्री रोशन गुप्ता के नेतृत्व में विभिन्न बाजारों से आए व्यापारियों एवं संगठन के पदाधिकारियों ने प्रदर्शन किया। व्यापारियों ने मार्बल मार्केट किदवई नगर, यशोदा नगर से हमीरपुर रोड, ग्रीन पार्क से घंटाघर, साकेत नगर सहित शहर के विभिन्न क्षेत्रों में चल रहे सीएम ग्रिड के सड़क निर्माण कार्य को जल्द पूरा कराने की मांग की।

व्यापारियों का कहना है कि निर्माण कार्य लंबे समय से चलने के कारण व्यापारी, ग्राहक, वाहन चालक और आम नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई स्थानों पर सड़कें ध्वस्त हैं और बड़े-बड़े गड्ढों के कारण यातायात प्रभावित हो रहा है। विशेष रूप से मार्बल मार्केट किदवई नगर, यशोदा नगर बाजार तथा मूलगंज चौराहे से परेड की ओर जाने वाले मार्गों पर आवागमन और व्यापार दोनों प्रभावित हो रहे हैं।

200 करोड़ से अधिक के कारोबार पर असर की आशंका

धरने के दौरान प्रदेश अध्यक्ष ज्ञानेश मिश्र ने कहा कि सीएम ग्रिड के निर्माण से प्रभावित विभिन्न बाजारों का लगभग 200 करोड़ रुपये से अधिक का वार्षिक कारोबार प्रभावित होने की आशंका है। दीपावली का त्योहारी सीजन व्यापारियों के लिए बेहद महत्वपूर्ण होता है। ऐसे में यदि सड़कों का निर्माण समय से पूरा नहीं हुआ तो व्यापार पर गंभीर असर पड़ सकता है।

उन्होंने मांग की कि दीपावली से कम से कम 15 दिन पहले तक सीएम ग्रिड से संबंधित सभी प्रमुख सड़कों का निर्माण कार्य युद्ध स्तर पर पूरा कराया जाए, ताकि बाजारों में ग्राहकों की आवाजाही सुचारु हो सके और व्यापारियों को राहत मिल सके।

नगर आयुक्त को सौंपा ज्ञापन

धरना प्रदर्शन के बाद व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय से मुलाकात कर उन्हें ज्ञापन सौंपा। व्यापारियों ने शहर की ध्वस्त सड़कों एवं बड़े-बड़े गड्ढों को तत्काल दुरुस्त कराने की मांग भी रखी।

नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने व्यापारियों को आश्वासन दिया कि बारिश कम होते ही अगले दो-तीन दिनों में सड़कों को चलने योग्य बनाया जाएगा। साथ ही सीएम ग्रिड के निर्माण कार्य को भी जल्द पूरा कराने का आश्वासन दिया गया।

व्यापारियों ने कहा कि यदि निर्धारित समय में सड़कों की स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो संगठन आगे भी आंदोलनात्मक कदम उठाने पर विचार करेगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments