भव्य कलश यात्रा के बाद शुक्रवार से शुरू होगी शिव महापुराण कथा, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत कई वीआईपी के आगमन को लेकर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर विशेष फोकस
- प्रतीक कुमार
रायबरेली। भव्य कलश यात्रा के सफल आयोजन के बाद शुक्रवार से ऊंचाहार में श्री शिव महापुराण कथा का शुभारंभ होने जा रहा है। कथा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय मंत्रियों, राज्यपालों और देशभर की कई गणमान्य हस्तियों के आगमन को देखते हुए शासन-प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है।
वीआईपी आगमन और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने कथा स्थल पर सुरक्षा, यातायात, पार्किंग और श्रद्धालुओं की सुविधाओं से जुड़ी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है।
कथा के आयोजक एवं प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री डॉ. मनोज कुमार पांडेय ने आज एडीजी जोन प्रवीण कुमार, आईजी किरण एस., लखनऊ मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत, रायबरेली जिलाधिकारी सुरनीत कौर बरनाल और पुलिस अधीक्षक रवि कुमार के साथ कथा स्थल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कथा स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था, श्रद्धालुओं के आवागमन, यातायात प्रबंधन और वीआईपी आगमन से जुड़ी तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
प्रशासन की ओर से यह सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है कि देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं को आयोजन के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो। इसके साथ ही वीआईपी मूवमेंट के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने और सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम करने की तैयारी की जा रही है।
डॉ. मनोज कुमार पांडेय ने कहा कि देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं का स्वागत सुव्यवस्थित, सुरक्षित और गरिमापूर्ण वातावरण में कराने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि महादेव की कृपा से ऊंचाहार में आस्था का यह विराट आयोजन ऐतिहासिक स्वरूप लेने जा रहा है।
शिव महापुराण कथा को लेकर क्षेत्र में श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। भव्य कलश यात्रा के बाद अब शुक्रवार से शुरू होने वाली कथा के लिए तैयारियां अंतिम चरण में हैं।


