HomeNEWSनवरात्रि से पहले कानपुर पुलिस अलर्ट, पुलिस आयुक्त ने अधिकारियों के साथ...

नवरात्रि से पहले कानपुर पुलिस अलर्ट, पुलिस आयुक्त ने अधिकारियों के साथ किया फ्लैग मार्च

प्रमुख बाजारों और संवेदनशील इलाकों में सघन चेकिंग, आमजन व व्यापारियों को सुरक्षा का भरोसा

  • ज्योति सिंह

कानपुर नगर। आगामी नवरात्रि पर्व के मद्देनजर शहर में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कानपुर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था तेज कर दी है। इसी क्रम में 10 अक्टूबर 2026 को पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल और अपर पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) डॉ. विपिन ताडा के नेतृत्व में शहर के प्रमुख मार्गों, भीड़भाड़ वाले बाजारों और संवेदनशील स्थलों पर फ्लैग मार्च किया गया।

पुलिस अधिकारियों ने परेड ग्राउंड से फ्लैग मार्च शुरू कर सद्भावना चौराहा, मूलगंज, लाटूश रोड और बांस मंडी चौकी सहित विभिन्न क्षेत्रों में पैदल एवं वाहनों से गश्त की। इस दौरान पुलिस बल ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सतर्कता बरती।

संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन चेकिंग

फ्लैग मार्च के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन चेकिंग की गई। पुलिस अधिकारियों ने बाजारों में व्यापारियों, राहगीरों और स्थानीय नागरिकों से संवाद स्थापित कर उन्हें सुरक्षा का भरोसा दिलाया। साथ ही लोगों से अपील की गई कि वे किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें।

पुलिस का यह अभियान नवरात्रि के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने, असामाजिक गतिविधियों पर निगरानी रखने और नागरिकों में सुरक्षा की भावना मजबूत करने के उद्देश्य से चलाया गया।

वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा

फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस उपायुक्त पूर्वी सत्यजीत गुप्ता, पुलिस उपायुक्त सेंट्रल अतुल कुमार श्रीवास्तव सहित अन्य पुलिस अधिकारी और संबंधित थानों का पुलिस बल मौजूद रहा।

पुलिस प्रशासन ने पर्व के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतर्कता बरतने और संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने का संदेश दिया।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments