खालसा गर्ल्स इंटर कॉलेज में शकुन्तला देवी राज शिक्षा सेवा संस्थान की पहल, महिला सुरक्षा, शिक्षा और आत्मनिर्भरता का दिया संदेश
- सौम्या पाण्डेय
कानपुर नगर। नवरात्र के पावन अवसर पर बेटियों की शिक्षा, सुरक्षा और स्वावलंबन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से गोविंद नगर स्थित खालसा गर्ल्स इंटर कॉलेज में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। शकुन्तला देवी राज शिक्षा सेवा संस्थान (रजिस्टर्ड, कानपुर नगर) एवं ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में जरूरतमंद एवं मेधावी छात्राओं को निःशुल्क स्कूल ड्रेस वितरित की गईं। साथ ही छात्राओं को व्यक्तिगत सुरक्षा, महिला हेल्पलाइन और साइबर अपराधों से बचाव के उपायों की जानकारी देकर जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में मिशन शक्ति फेज-6 के अंतर्गत थाना गोविंद नगर की महिला इंस्पेक्टर विशेष रूप से उपस्थित रहीं। उन्होंने छात्राओं को महिला सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी और बताया कि किसी भी अप्रिय स्थिति में सतर्कता बरतना तथा समय रहते उचित सहायता प्राप्त करना बेहद जरूरी है। उन्होंने महिला हेल्पलाइन के उपयोग, व्यक्तिगत सुरक्षा और साइबर अपराधों से बचने के आवश्यक उपायों के बारे में विस्तार से समझाया। इस पहल का उद्देश्य छात्राओं में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ उन्हें अपने अधिकारों एवं सुरक्षा के प्रति जागरूक बनाना रहा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संस्थान के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. दिवाकर चक्रवर्ती प्रजापति ने कहा कि बेटियों को शिक्षा, सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के समान अवसर उपलब्ध कराना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि बेटियों को आत्मनिर्भर बनाना और उन्हें अपने सपनों को साकार करने के लिए प्रोत्साहित करना ही सशक्त समाज की नींव है। उन्होंने छात्राओं से निडर होकर आगे बढ़ने, शिक्षा के प्रति समर्पित रहने और जीवन में अपने लक्ष्य हासिल करने का आह्वान किया।
विशिष्ट वक्ता डॉ. आरती द्विवेदी ने अपने संबोधन में बेटियों की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और चरित्र निर्माण पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षित, संस्कारी और आत्मविश्वासी बेटियां परिवार ही नहीं, बल्कि पूरे समाज के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने छात्राओं को शिक्षा के माध्यम से अपने व्यक्तित्व को निखारने और सामाजिक चुनौतियों का साहसपूर्वक सामना करने के लिए प्रेरित किया।
नवरात्र के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में जरूरतमंद छात्राओं को स्कूल ड्रेस वितरित करना शिक्षा के प्रति प्रोत्साहन और सामाजिक सहयोग का सराहनीय उदाहरण रहा। इसके माध्यम से बेटियों को यह संदेश दिया गया कि समाज उनके उज्ज्वल भविष्य, बेहतर शिक्षा और सुरक्षित वातावरण के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम के अंत में खालसा गर्ल्स इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्य डॉ. हरमीत कौर ने सभी अतिथियों, पुलिस प्रशासन और शकुन्तला देवी राज शिक्षा सेवा संस्थान की पूरी टीम के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने इस सामाजिक पहल की सराहना करते हुए बेटियों के हित में किए जा रहे प्रयासों को महत्वपूर्ण बताया।
इस नेक कार्य को सफल बनाने में संध्या चक्रवर्ती, बेटी करुणा एवं संस्थान की पूरी टीम की सक्रिय सहभागिता रही। कार्यक्रम ने बेटियों की शिक्षा, महिला सुरक्षा, साइबर जागरूकता और आत्मनिर्भरता के प्रति समाज को सकारात्मक संदेश दिया।


