
डीसीपी सेंट्रल अतुल कुमार श्रीवास्तव सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने बालिकाओं के साथ साझा की खुशियां, महिला सुरक्षा, सम्मान और संवेदनशीलता का दिया संदेश
- ऋषभ कुमार
कानपुर नगर। मिशन शक्ति फेज-6 एवं शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर कानपुर पुलिस के सेंट्रल जोन की ओर से बालिकाओं के साथ खुशियां साझा करने के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। 14 अक्टूबर 2026 को आयोजित इस कार्यक्रम के अंतर्गत राजकीय बालिका गृह, यूनिट-1 स्वरूप नगर एवं यूनिट-2 सूर्य विहार, नवाबगंज में निवासरत करीब 225 बालिकाओं को फल, मिठाई, स्टेशनरी एवं अन्य आवश्यक सामग्री वितरित की गई।
कार्यक्रम में पुलिस उपायुक्त सेंट्रल श्री अतुल कुमार श्रीवास्तव, अपर पुलिस उपायुक्त सेंट्रल डॉ. अर्चना सिंह तथा अपर पुलिस उपायुक्त मुख्यालय/महिला अपराध श्रीमती स्नेहा तिवारी उपस्थित रहीं। अधिकारियों ने बालिकाओं के बीच पहुंचकर उनसे संवाद किया और नवरात्रि के अवसर पर उनके साथ खुशियां साझा कीं।
इस पहल का उद्देश्य मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत महिला एवं बालिका सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन और सामाजिक संवेदनशीलता को बढ़ावा देना रहा। फल, मिठाई, स्टेशनरी एवं आवश्यक सामग्री का वितरण कर बालिकाओं को त्योहार की खुशियों में सहभागी बनाया गया।
कार्यक्रम के दौरान महिला एवं बालिका सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा समाज में संवेदनशीलता और सहयोग की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया गया। इस प्रकार के आयोजनों के माध्यम से बालिकाओं के प्रति सम्मान, अपनत्व और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया गया।
इस अवसर पर थाना प्रभारी नवाबगंज, थाना प्रभारी स्वरूप नगर सहित अन्य संबंधित पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से कानपुर पुलिस ने मिशन शक्ति फेज-6 के तहत महिला एवं बालिका कल्याण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।


