HomeNEWSअहमदाबाद में शुरू हुई ‘24 स्पीड पोस्ट डॉक्यूमेंट सेवा’, मुंबई-ठाणे तक 24...

अहमदाबाद में शुरू हुई ‘24 स्पीड पोस्ट डॉक्यूमेंट सेवा’, मुंबई-ठाणे तक 24 घंटे में होगी डिलीवरी

पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव ने अहमदाबाद जीपीओ में किया शुभारंभ, देरी या डाक गुम होने पर डाक शुल्क वापसी का प्रावधान

  • अभिषेक कुमार

अहमदाबाद। भारतीय डाक विभाग ने महत्वपूर्ण दस्तावेजों की तेज और समयबद्ध डिलीवरी सुनिश्चित करने के लिए अपनी प्रीमियम सेवा ‘24 स्पीड पोस्ट डॉक्यूमेंट’ का विस्तार करते हुए इसे अहमदाबाद में भी शुरू कर दिया है। राष्ट्रीय डाक सप्ताह के समापन दिवस पर 15 अक्टूबर 2026 को उत्तर गुजरात परिक्षेत्र के पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव ने अहमदाबाद जनरल पोस्ट ऑफिस (जीपीओ) में इस सेवा का शुभारंभ किया। इस सुविधा के तहत अहमदाबाद से मुंबई, नवी मुंबई और ठाणे के निर्धारित पिनकोड क्षेत्रों में पात्र दस्तावेजों की 24 घंटे के भीतर डिलीवरी का लक्ष्य रखा गया है।

सेवा की शुरुआत के अवसर पर पहली ग्राहक भाविका मांगुकिया ने अहमदाबाद जीपीओ से महाराष्ट्र के ठाणे के लिए स्पीड पोस्ट बुक कराया। बुकिंग के बाद पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव ने उन्हें रसीद प्रदान की। यह सेवा खुदरा ग्राहकों के साथ-साथ व्यावसायिक और बल्क ग्राहकों के लिए भी उपलब्ध होगी। हालांकि, इसके लिए सामान्य स्पीड पोस्ट से अलग दरें निर्धारित की गई हैं।

पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव ने बताया कि फिलहाल अहमदाबाद से मुंबई, नवी मुंबई और ठाणे के विभाग द्वारा निर्धारित गंतव्य पिनकोड पर इस सेवा का लाभ लिया जा सकेगा। अहमदाबाद जीपीओ, नवरंगपुरा बीडी सेल और बिजनेस पोस्ट सेंटर, शाहीबाग को इसके लिए बुकिंग केंद्र बनाया गया है। उन्होंने बताया कि आगे चलकर नवरंगपुरा हेड पोस्ट ऑफिस, एलिसब्रिज, मानेकबाग और पालडी डाकघरों में भी बुकिंग सुविधा शुरू करने की योजना है।

इस सेवा की प्रमुख विशेषता अगले दिन डिलीवरी का लक्ष्य और निर्धारित शर्तों के तहत देरी से डिलीवरी या डाक वस्तु गुम होने की स्थिति में पूरे डाक शुल्क की वापसी का प्रावधान है। रविवार और सार्वजनिक अवकाश के दिनों में भी इन डाक वस्तुओं के वितरण की व्यवस्था की गई है। इससे महत्वपूर्ण दस्तावेजों को कम समय में गंतव्य तक पहुंचाने में मदद मिलेगी।

कृष्ण कुमार यादव ने बताया कि भारतीय डाक विभाग ने 1 अगस्त 1986 को समयबद्ध, सुरक्षित और कुशल डिलीवरी के उद्देश्य से स्पीड पोस्ट सेवा शुरू की थी। लगभग चार दशकों के दौरान यह सेवा तकनीक आधारित प्रीमियम डिलीवरी नेटवर्क के रूप में विकसित हुई है। इसी क्रम में 17 मार्च 2026 को दिल्ली, मुंबई, चेन्नई, कोलकाता, बेंगलुरु और हैदराबाद में ‘24 स्पीड पोस्ट’, ‘24 स्पीड पोस्ट पार्सल’ और ‘48 स्पीड पोस्ट’ सेवाओं की शुरुआत की गई थी। अब अहमदाबाद को भी ‘24 स्पीड पोस्ट डॉक्यूमेंट सेवा’ से जोड़ दिया गया है।

नई सेवा में ओटीपी आधारित सुरक्षित वितरण, एसएमएस अलर्ट के साथ डाक वस्तु की शुरुआत से अंत तक ट्रैकिंग, व्यावसायिक ग्राहकों के लिए बीएनपीएल सुविधा, बल्क बुकिंग पर निःशुल्क पिकअप, एपीआई इंटीग्रेशन और केंद्रीकृत बिलिंग जैसी सुविधाएं शामिल हैं। इन व्यवस्थाओं का उद्देश्य ग्राहकों को डाक की बुकिंग से लेकर उसकी सुपुर्दगी तक बेहतर निगरानी और सुरक्षा उपलब्ध कराना है।

यह सेवा विशेष रूप से बैंकिंग एवं वित्तीय संस्थानों, सरकारी कार्यालयों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और उन संगठनों के लिए उपयोगी होगी, जिन्हें महत्वपूर्ण दस्तावेज निर्धारित समय में भेजने की आवश्यकता होती है। तेज डिलीवरी और ट्रैकिंग की सुविधा से ऐसे संस्थानों को अपने जरूरी दस्तावेजों के प्रेषण में सहूलियत मिलने की उम्मीद है।

अहमदाबाद जीपीओ की सीनियर पोस्टमास्टर मंजुलाबेन पटेल ने बताया कि इस सेवा के अंतर्गत अधिकतम 500 ग्राम तक के पात्र दस्तावेज स्वीकार किए जाएंगे। इनमें पैन कार्ड, आधार कार्ड, मतदाता पहचान पत्र, पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस और बैंकिंग संबंधी दस्तावेज शामिल हैं। सेवा के सुचारु संचालन के लिए विशेष डाक बैग, पैकेजिंग सामग्री, प्राथमिकता स्टिकर और बारकोड लेबल सहित आवश्यक सामग्री की व्यवस्था की गई है।

उन्होंने ग्राहकों से अपील की कि डाक वस्तु भेजते समय प्रेषक और प्राप्तकर्ता का पूरा एवं सही पता अंकित करें। निर्धारित नियमों के अनुसार दोनों के मोबाइल नंबर दर्ज करना भी आवश्यक होगा, ताकि डिलीवरी प्रक्रिया को सुचारु बनाया जा सके।

शुभारंभ कार्यक्रम में प्रवर डाक अधीक्षक अहमदाबाद शिशिर कुमार, प्रवर अधीक्षक रेल डाक सेवा पीयूष राजक, सीनियर पोस्टमास्टर मंजुलाबेन पटेल, सहायक निदेशक अल्पेश शाह, वारिस वहोरा, सहायक अधीक्षक जगदीश जीड, डाक निरीक्षक भाविन प्रजापति, रोनक शाह और विपुल चडोतरा सहित डाक विभाग के अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

भारतीय डाक विभाग की यह पहल प्रीमियम डाक सेवाओं को मजबूत करने और महत्वपूर्ण दस्तावेजों की समयबद्ध डिलीवरी की बढ़ती जरूरतों को पूरा करने की दिशा में एक अहम कदम है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments