दीक्षारंभ कार्यक्रम के छठे दिन शैक्षणिक नियमों और सामाजिक जागरूकता पर हुए व्याख्यान, 80 प्रतिशत उपस्थिति की अनिवार्यता सहित परीक्षा एवं ग्रेडिंग प्रणाली की दी गई जानकारी
- हरिओम गुप्ता
कानपुर नगर। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (सीएसए) में नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए आयोजित दीक्षारंभ कार्यक्रम के छठे दिन शैक्षणिक नियमों और सामाजिक जागरूकता से जुड़े विभिन्न विषयों पर व्याख्यान आयोजित किए गए। कार्यक्रम का आयोजन कुलपति डॉ. संजीव गुप्ता के मार्गदर्शन एवं कृषि एवं वानिकी महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. कौशल कुमार के नेतृत्व में किया जा रहा है।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य नवप्रवेशित विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय की शैक्षणिक एवं प्रशासनिक व्यवस्था से परिचित कराने के साथ ही उनमें अनुशासन, सामाजिक चेतना और सर्वांगीण विकास की भावना विकसित करना रहा।
कार्यक्रम के प्रथम सत्र में छात्र कल्याण अधिष्ठाता डॉ. मुकेश श्रीवास्तव ने विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय के विभिन्न नियमों एवं शैक्षणिक व्यवस्थाओं की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने नियमित कक्षाओं में उपस्थिति के महत्व पर जोर देते हुए न्यूनतम 80 प्रतिशत उपस्थिति की अनिवार्यता के बारे में बताया। इसके साथ ही क्रेडिट सिस्टम, ग्रेडिंग प्रणाली, पाठ्यक्रम कोड और परीक्षा पद्धति से भी विद्यार्थियों को अवगत कराया।

उन्होंने छात्रावास एवं मेस से संबंधित नियमों के साथ डिप्लोमा, प्रमाणपत्र और ऑनलाइन कोर्स जैसी विश्वविद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी। डॉ. श्रीवास्तव ने विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय के दिशा-निर्देशों का पालन करने, अनुशासन बनाए रखने और शैक्षणिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित किया।
द्वितीय सत्र में जन जागृति सेवा समिति (जेजेएसएस), कानपुर के सचिव विजय प्रताप सिंह मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुए। उन्होंने सामाजिक जागरूकता, समाज सेवा और सामाजिक विकास में युवाओं की भूमिका पर विस्तार से विचार रखे। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को शिक्षा प्राप्त करने के साथ-साथ अपनी सामाजिक जिम्मेदारियों को भी समझना चाहिए। युवाओं की सक्रिय भागीदारी से समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों को समाज सेवा के कार्यों में आगे आने और राष्ट्र एवं समाज के विकास में अपना योगदान देने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का मंच संचालन बीएससी कृषि प्रथम सेमेस्टर की छात्राओं प्रकृति साख्या एवं राशिका खैरवाल ने किया। दोनों छात्राओं ने वक्ताओं एवं अतिथियों का परिचय कराते हुए कार्यक्रम के दोनों सत्रों का संचालन व्यवस्थित ढंग से किया।
इस अवसर पर डॉ. राजीव कुमार, डॉ. विनीत धीर, डॉ. रजत मिश्रा, डॉ. विकास सिंह, डॉ. विकास कुमार, डॉ. अभिषेक रथ, डॉ. विधु दीक्षित, डॉ. सूर्यांशी बाजपेयी सहित विश्वविद्यालय के अन्य शिक्षकगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम में नवप्रवेशित विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।


