HomeNEWSएमएलसी चुनाव में डॉ. मानसिंह यादव की जीत पर सपाइयों ने मनाया...

एमएलसी चुनाव में डॉ. मानसिंह यादव की जीत पर सपाइयों ने मनाया जश्न

खागा में सपा कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों के साथ निकाली खुशी, चौक-चौराहे पर बांटी मिठाई और तहसील में वितरित किए लड्डू; कार्यकर्ताओं की मेहनत को बताया जीत की वजह

  • अखिलेश अग्रहरि

फतेहपुर ( खागा)। इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी डॉ. मानसिंह यादव की जीत पर सपा कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई। जीत की घोषणा के बाद खागा में पार्टी कार्यकर्ताओं ने जमकर जश्न मनाया। नगर अध्यक्ष शिवसिंह यादव के नेतृत्व में दो दर्जन से अधिक सपा कार्यकर्ता चौक-चौराहे पर एकत्र हुए और ढोल-नगाड़ों के बीच एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी जाहिर की। इसके साथ ही तहसील परिसर में भी लड्डू वितरित किए गए।

इस दौरान सपा नगर अध्यक्ष शिवसिंह यादव ने कहा कि यह जीत भाजपा सरकार में शिक्षकों के कथित उत्पीड़न, पुरानी पेंशन व्यवस्था समाप्त किए जाने और विद्यालयों के निजीकरण जैसे मुद्दों के प्रति शिक्षकों की नाराजगी का परिणाम है। उन्होंने कहा कि शिक्षकों ने अपने मतों के माध्यम से सरकार को जवाब दिया है।

वहीं, समाजवादी छात्रसभा के प्रदेश उपाध्यक्ष परवेज आलम ने कहा कि डॉ. मानसिंह यादव की जीत पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के नेतृत्व और पीडीए की ताकत को दर्शाती है। उन्होंने इसे समाजवादी कार्यकर्ताओं की मेहनत और एकजुटता का परिणाम बताया।

इस मौके पर सपा नेता रामतीर्थ परमहंस, नरेश कोरी, अंकित यादव, अजय यादव, अखिलेश मौर्य, इंदल सिंह, अखिलेश अग्रहरि, मनीष दिवाकर सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।

कार्यकर्ताओं की मेहनत लाई रंग

एमएलसी चुनाव के दौरान सपा कार्यकर्ताओं ने मतदान के दिन भी सक्रिय भूमिका निभाई थी। पार्टी कार्यकर्ताओं के अनुसार, विजयीपुर ब्लॉक में कथित फर्जी मतदान का विरोध करते हुए उन्होंने अपनी आपत्ति दर्ज कराई थी। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ उनकी कहासुनी और धक्कामुक्की होने का भी आरोप लगाया गया। कार्यकर्ताओं का कहना है कि विरोध के दौरान गाली-गलौज और अपमानजनक व्यवहार के बावजूद वे अपने रुख पर डटे रहे।

पार्टी कार्यकर्ताओं ने कहा कि चुनाव के दौरान की गई मेहनत और संगठन की एकजुटता का परिणाम जीत के रूप में सामने आया है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments