हिंदी दिवस पर वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. शिव कुमार सिंह कुंवर का सम्मान

- दिव्या पाण्डेय
कानपुर नगर। साहित्यकार सहयोग संगठन, कानपुर द्वारा हिंदी दिवस के अवसर पर वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. शिव कुमार सिंह कुंवर का सम्मान किया गया।
इस अवसर पर संगठन की संयोजक/महासचिव डॉ. सुषमा सेंगर और अध्यक्ष गायत्री सिंह के साथ शहर के प्रतिष्ठित साहित्यकारों में जयराम सिंह गौर, शैलेन्द्र शर्मा, श्रवण शुक्ल, अक्षत व्योम, राघव दुबे, अनुराग सार्थक, रीता सिंह, डॉ. राधा शाक्य और मधु मोहिल शामिल रहे। सभी साहित्यकार कुंवर जी के घर पहुँचे और उन्हें सम्मानित किया।

सम्मान समारोह के दौरान कुंवर जी ने अपने कई गीत और संस्मरण सुनाए, वहीं उनकी पुत्री कविता सिंह ने उनके तीन गीत और ग़ज़लें प्रस्तुत कीं। अन्य साहित्यकारों ने भी अपनी-अपनी रचनाओं के माध्यम से उन्हें सम्मानित किया।

कार्यक्रम में कुंवर जी के पुत्र और बहू ने सभी अतिथियों का स्वागत-सत्कार किया और स्वल्पाहार की व्यवस्था की। साहित्यकारों ने इस सम्मान समारोह को हिंदी भाषा और साहित्य के प्रति समर्पण का प्रेरणादायी उदाहरण बताया।



