
डिंपल यादव के नेतृत्व में जंतर-मंतर पहुंचे सांसद, छात्रों पर लाठीचार्ज और हिरासत की सपा ने की निंदा
- नेहा पाठक
नई दिल्ली। समाजवादी पार्टी ने दिल्ली में सांसद श्रीमती डिंपल यादव के नेतृत्व में प्रदर्शन कर रहे पार्टी सांसदों को हिरासत में लिए जाने तथा छात्रों पर लाठीचार्ज किए जाने की कड़ी निंदा की है। पार्टी ने इसे अलोकतांत्रिक बताते हुए कहा कि छात्रों की आवाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा है।

समाजवादी पार्टी के अनुसार, पार्टी के सभी सांसद डिंपल यादव के नेतृत्व में जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों से मिलने पहुंचे थे। इस दौरान दिल्ली पुलिस ने सभी सांसदों को हिरासत में ले लिया। इससे पहले सांसदों ने संसद भवन तक मार्च निकालकर NEET परीक्षा और कथित पेपर लीक के मुद्दे पर विरोध दर्ज कराया। मार्च के दौरान सांसदों ने हाथों में “पेपर लीक” और “NEET है या Cheat है” लिखे पोस्टर लेकर नारेबाजी की।

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सांसदों को हिरासत में लिए जाने की निंदा करते हुए कहा कि पार्टी के सांसदों को पुलिस स्टेशन में रखा गया, जबकि बाहर छात्रों पर लाठीचार्ज किया गया। उन्होंने कहा कि यह लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है और सरकार छात्रों की समस्याओं को सुनने के बजाय उनकी आवाज दबाने का काम कर रही है।
समाजवादी पार्टी ने मांग की कि छात्रों की समस्याओं का समाधान संवाद के माध्यम से किया जाए तथा लोकतांत्रिक तरीके से विरोध दर्ज कराने वाले छात्रों और जनप्रतिनिधियों के साथ दमनात्मक कार्रवाई न की जाए।


