नारी शक्ति की भागीदारी पर जोर, विभिन्न वार्डों में जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं की रही उपस्थिति
- सौम्य पाण्डेय
कानपुर नगर। आज रात 8:30 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राष्ट्र के नाम संदेश को भाजपा कानपुर उत्तर द्वारा शहर के विभिन्न वार्डों में सामूहिक रूप से सुना गया। इस दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने नारी शक्ति की भागीदारी पर जोर देते हुए कहा कि देश की आधी आबादी को अधिकार दिलाने के लिए प्रयास लगातार जारी रहेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में दशकों से संघर्ष चल रहा है और इसे आगे बढ़ाना आवश्यक है। प्रधानमंत्री ने नारी शक्ति वंदन से जुड़े मुद्दों का उल्लेख करते हुए कहा कि इस दिशा में उनका संकल्प अडिग है।
प्रधानमंत्री ने अपने वक्तव्य में विभिन्न राजनीतिक दलों की नीतियों की आलोचना भी की और कहा कि कई महत्वपूर्ण सुधारों में बाधाएं डाली गईं, जिसका प्रभाव देश की पीढ़ियों ने महसूस किया है। साथ ही उन्होंने महिलाओं से समर्थन और आशीर्वाद की अपेक्षा जताई।
वार्ड स्तर पर आयोजित इस कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष अनिल दीक्षित, महापौर प्रमिला पांडे, विधायक नीलिमा कटियार, सलीम बिश्नोई, सुरेंद्र मैथानी, अनूप अवस्थी और अनुराग शर्मा सहित कई प्रमुख जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


