यातायात सुगम बनाने के लिए विशेष निरीक्षण, अतिक्रमण हटाने और लेन व्यवस्था पर जोर
- अंकित बाजपेई
कानपुर नगर। 20 अप्रैल 2026 को पुलिस उपायुक्त यातायात रवीन्द्र कुमार के निर्देशन में एडीसीपी यातायात कपिल देव सिंह ने “Reducing Traffic Congestion (RTC) Scheme” के प्रभावी क्रियान्वयन के तहत बीमा चौराहा और जाजमऊ चौराहा का विशेष निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान दोनों चौराहों पर यातायात को व्यवस्थित और सुगम बनाए रखने के लिए रस्सियों के माध्यम से स्पष्ट लेन चिन्हांकन किया गया, ताकि वाहनों की आवाजाही निर्धारित मार्गों में ही हो सके। साथ ही, दुकानों के सामने भी चिन्हांकन कर दुकानदारों से संवाद स्थापित किया गया।
दुकानदारों को सख्त निर्देश दिए गए कि वे सड़क पर अतिक्रमण न करें, अनावश्यक सामान न रखें और ग्राहकों के वाहनों की व्यवस्थित पार्किंग सुनिश्चित करें। पुलिस ने उनसे अपील की कि यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने में सहयोग करें, ताकि जाम की समस्या से बचा जा सके।
यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए दोनों चौराहों पर रूट मार्शल की तैनाती की गई है। साथ ही, चिन्हित चोक प्वाइंट्स की पहचान कर उन्हें दूर करने की कार्ययोजना तैयार की जा रही है, जिससे यात्रियों का ट्रैवल टाइम कम किया जा सके।
निरीक्षण के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई भी की गई। बिना निर्धारित कलर कोड के संचालित हो रहे 160 ऑटो और ई-रिक्शा के चालान किए गए, जबकि 4 ई-रिक्शा को सीज किया गया। इस प्रकार कुल 164 वाहनों पर प्रवर्तनात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की गई।
इस पहल का मुख्य उद्देश्य चौराहों पर अनावश्यक जाम को खत्म करना, यातायात प्रवाह को निर्बाध बनाए रखना और आम नागरिकों के समय की बचत करना है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि चिन्हित रूट व्यवस्था हर समय स्पष्ट और अवरोध मुक्त बनी रहे।
निरीक्षण के दौरान टीआई पूर्वी जोन (प्रथम) राजेश कुमार मिश्रा, रूट मार्शल और संबंधित सेक्टर प्रभारी भी मौके पर उपस्थित रहे।


