उरई में सेवा पखवाड़ा अभियान के तहत भाजपा की जिला कार्यशाला संपन्न

- पवन मिश्रा
जालौन (उरई)। “सेवा ही संगठन, सेवा ही संकल्प” के मूल मंत्र को साकार करते हुए मंगलवार को उरई के बंशीधर पैलेस में भाजपा द्वारा सेवा पखवाड़ा अभियान के अंतर्गत जिला कार्यशाला संपन्न हुई।

कार्यशाला का उद्देश्य समाजसेवा की भावना को और सशक्त बनाना तथा संगठनात्मक कार्यों को नई दिशा प्रदान करना रहा। वक्ताओं ने कहा कि सेवा पखवाड़ा केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनता की सेवा और राष्ट्र निर्माण के प्रति भाजपा के सामूहिक संकल्प का प्रतीक है।

इस मौके पर भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व राज्यसभा सांसद कांता कर्दम, क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल, क्षेत्रीय मंत्री संजय उपाध्याय, जिला प्रभारी अशोक जाटव, जिला अध्यक्ष उर्विजा दीक्षित, विधायक गौरी शंकर वर्मा एवं मूलचंद्र निरंजन, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. घनश्याम अनुरागी, जेडीसी बैंक अध्यक्ष ब्रज भूषण सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष जगदीश तिवारी, नागेंद्र गुप्ता, अग्निवेश चतुर्वेदी सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

नेताओं ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर से लेकर 2 अक्टूबर गांधी जयंती तक चलने वाला यह अभियान समाज में सकारात्मक परिवर्तन का आधार बनेगा। अभियान के अंतर्गत स्वच्छता अभियान, नशामुक्त भारत, फिट इंडिया, स्वस्थ नारी–सशक्त परिवार पहल, स्वास्थ्य शिविर, वृक्षारोपण, रक्तदान, खेल प्रतियोगिताएँ, ‘नमो मैराथन’ और चित्रकला गतिविधियाँ आयोजित की जाएंगी।
कार्यशाला में आगामी मतदाता पुनरीक्षण, एमएलसी (शिक्षक/स्नातक) चुनाव और त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की तैयारियों पर भी चर्चा की गई।



