स्वाति मालीवाल संसद के शीतकालीन सत्र में उठाएंगी दिल्ली प्रदूषण का मुद्दा

- सोनाली सिंह
नई दिल्ली। राज्यसभा सांसद और दिल्ली महिला आयोग की पूर्व प्रमुख स्वाति मालीवाल ने सोमवार को कहा कि वह संसद के आगामी शीतकालीन सत्र में दिल्ली और उत्तर भारत में बढ़ते वायु प्रदूषण का मुद्दा उठाएंगी। उन्होंने इस विषय पर नागरिकों और विशेषज्ञों से सुझाव भी मांगे हैं।
‘एक्स’ पर साझा किए गए एक वीडियो संदेश में मालीवाल ने कहा कि हर साल सर्दियों में दिल्ली और उत्तर भारत “गैस चैंबर” बन जाते हैं। उन्होंने कहा, “यहां सांस लेना एक दिन में 20–25 सिगरेट पीने के बराबर है। हम केवल खराब हवा नहीं ले रहे, बल्कि ऐसा ज़हर अंदर खींच रहे हैं जो हमारे फेफड़ों, दिल, दिमाग़ और यहां तक कि अजन्मे बच्चों तक को नुकसान पहुंचा रहा है।”
मालीवाल ने कहा कि वह संसद में इस पर ठोस चर्चा चाहती हैं और सुझावों के लिए नागरिकों से अपील की है। उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा, “यदि आप डॉक्टर, विशेषज्ञ, कार्यकर्ता या चिंतित नागरिक हैं, तो अपने सुझाव मुझे livingpositive@gmail.com पर भेज सकते हैं।”
सांसद ने बताया कि वह अपनी एमपीलैड निधि से दो कदम उठाने जा रही हैं—
1️⃣ दिल्ली के सभी सरकारी वृद्धाश्रमों में एयर प्यूरीफायर लगाना।
2️⃣ धूलजनित प्रदूषण को कम करने के लिए चार मैकेनिकल रोड स्वीपिंग मशीनों की खरीद।
दिवाली के बाद से दिल्ली की हवा लगातार खराब श्रेणी में बनी हुई है। शहर पर धुंध की परत छाई है और वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) कई इलाकों में ‘बेहद खराब’ से ‘गंभीर’ श्रेणी में पहुंच चुका है। संसद का शीतकालीन सत्र 1 से 19 दिसंबर तक आयोजित किया जाएगा।



