NEWSUttar Pradesh

CM योगी ने भेजी 48 ट्रकों में राहत सामग्री, उत्तराखंड-हिमाचल को दी 5-5 करोड़ की सहायता

उत्तर प्रदेश की 25 करोड़ जनता की ओर से पंजाब, हिमाचल प्रदेश एवं उत्तराखण्ड राज्य के बाढ़ पीड़ितों हेतु राहत सामग्री के वाहनों को माँ शाकुम्भरी देवी की पावन धरा सहारनपुर से आज हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

  • मनीष कुमार

सहारनपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को सहारनपुर से उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और पंजाब के बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए राहत सामग्री से भरे 48 ट्रकों को रवाना किया। साथ ही यूपी सरकार की ओर से उत्तराखंड और हिमाचल को 5-5 करोड़ रुपये की अतिरिक्त आर्थिक मदद भी दी गई। अंबाला रोड स्थित सरोवर पोर्टिको में आयोजित कार्यक्रम में सीएम योगी ने कहा कि इस आपदा की घड़ी में उत्तर प्रदेश की 25 करोड़ जनता तीनों राज्यों के साथ खड़ी है। उन्होंने बताया कि एनडीआरएफ, आपदा मित्र और स्थानीय पुलिस जैसी संस्थाएं राहत कार्यों में लगातार सक्रिय भूमिका निभा रही हैं।

सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में भी बाढ़ एक बड़ी चुनौती रही है, लेकिन समय रहते किए गए प्रबंधों के कारण इस साल स्थिति पर काफी हद तक नियंत्रण पाया गया। उन्होंने बताया कि जिन इलाकों में नुकसान हुआ, वहां सरकार ने तुरंत राहत सामग्री और मुआवजा पहुंचाया। राहत पैकेट में आटा, चावल, दाल, आलू, तेल, नमक, चीनी, बिस्कुट, साबुन, सेनेटरी पैड, कपड़े, तिरपाल, बाल्टी, मोमबत्ती, माचिस और अन्य आवश्यक सामग्री शामिल की गई है, ताकि पीड़ित परिवारों को त्वरित मदद मिल सके।

उन्होंने बताया कि उत्तराखंड और हिमाचल में बादल फटने और अतिवृष्टि से भारी तबाही हुई है, इसलिए यूपी सरकार ने संवेदना और सहयोग के प्रतीक रूप में आर्थिक सहायता दी है। इस दौरान उन्होंने जनता से सावधानी बरतने और स्वच्छता बनाए रखने की अपील भी की।

कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी, मंत्री कुंवर बृजेश सिंह, राज्यमंत्री जसवंत सिंह सैनी, विधायक राजीव गुम्बर समेत कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button