NEWSUttar Pradesh

“अखिलेश यादव को कष्ट क्यों हो रहा है, समझ नहीं आता”— पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह का बड़ा बयान

  • आनंद सिंह

कानपुर नगर। भारतीय जनता पार्टी के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए कहा कि उन्हें समझ नहीं आता कि अखिलेश यादव को आखिर कष्ट क्यों हो रहा है। उन्होंने कहा कि विरोधी पार्टियाँ हमेशा विरोध ही करेंगी, लेकिन लगता है कि अब उन्हें हर जगह सिर्फ भारतीय जनता पार्टी ही दिखाई दे रही है।

पूर्व सांसद रविवार को कानपुर के अर्रा में आयोजित अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा के दशहरा मिलन समारोह में शामिल हुए थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि क्षत्रिय समाज का योगदान सतयुग से लेकर कलयुग तक रहा है और आगे भी रहेगा। उन्होंने कहा कि इस समाज ने सदैव राष्ट्र, धर्म और समाज के लिए बलिदान दिया है, और इसकी भूमिका आज भी उतनी ही प्रासंगिक है।

बसपा रैली और 2027 विधानसभा चुनाव पर भी बोले सिंह

बसपा की रैली और 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर पूछे गए सवाल पर बृजभूषण सिंह ने कहा कि विपक्षी दलों को भाजपा के अलावा कुछ और दिखाई नहीं पड़ रहा है। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा,

“विरोधी दलों को जहां भी देखते हैं, भाजपा ही नजर आती है। उन्हें नहीं मालूम कि अखिलेश यादव को इतना कष्ट क्यों है।”

कार्यक्रम में दिखा उत्साह, अव्यवस्थाओं पर जताई नाराजगी

क्षत्रिय महासभा के इस कार्यक्रम में भारी भीड़ देखने को मिली। बृजभूषण सिंह के पहुंचते ही मंच पर ‘जिंदाबाद’ के नारे गूंज उठे और कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह दिखा। हालांकि, मंच पर बढ़ती भीड़ और अव्यवस्था को देखकर पूर्व सांसद ने नाराजगी भी जताई और चेतावनी दी कि यदि स्थिति नहीं संभली तो वह कार्यक्रम स्थल छोड़ देंगे। आयोजकों के हस्तक्षेप के बाद माहौल शांत हुआ और कार्यक्रम सुचारु रूप से आगे बढ़ा।

Related Articles

Back to top button