NEWS

‘आज का भारत सुरक्षा से कोई समझौता नहीं करता’, ऑपरेशन सिंदूर पर बोले PM मोदी

  • नेहा पाठक

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को ‘मन की बात’ कार्यक्रम के 129वें एपिसोड में ऑपरेशन सिंदूर की सराहना करते हुए कहा कि आज का भारत अपनी सुरक्षा को लेकर किसी भी तरह का समझौता नहीं करता। उन्होंने कहा कि इस अभियान ने हर भारतीय को गर्व की अनुभूति कराई है।

रेडियो कार्यक्रम के माध्यम से देश को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान देशभर में राष्ट्रप्रेम और समर्पण की भावनाएं स्पष्ट रूप से देखने को मिलीं। लोगों ने अलग-अलग तरीकों से भारत माता के प्रति अपनी भावनाओं को व्यक्त किया।

प्रधानमंत्री मोदी ने वर्ष 2025 की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि यह वर्ष भारत के लिए कई गर्व के क्षण लेकर आया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा, खेल, विज्ञान और वैश्विक मंचों पर भारत ने अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है।

उन्होंने कहा, “ऑपरेशन सिंदूर इस वर्ष हर भारतीय के लिए गर्व का प्रतीक बन गया। दुनिया ने देखा कि आज का भारत अपनी सुरक्षा को सर्वोपरि मानता है।”

गौरतलब है कि पहलगाम आतंकी हमले के बाद, जिसमें 26 लोगों की जान गई थी, भारत ने आतंकवाद के खिलाफ कड़ा रुख अपनाते हुए ऑपरेशन सिंदूर की शुरुआत की थी। इस अभियान के तहत पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत जम्मू-कश्मीर में स्थित आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया गया।

सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के अनुसार, इस ऑपरेशन में लश्कर-ए-तैबा, जैश-ए-मोहम्मद और हिजबुल मुजाहिदीन से जुड़े नौ प्रमुख आतंकी लॉन्चपैड नष्ट किए गए और 100 से अधिक आतंकवादियों को मार गिराया गया।

ऑपरेशन के बाद दोनों देशों के बीच 7 से 10 मई तक सैन्य तनाव की स्थिति बनी रही। इसके बाद पाकिस्तान के सैन्य संचालन महानिदेशक (डीजीएमओ) के संपर्क करने पर दोनों पक्षों ने जमीन, हवा और समुद्र में सैन्य कार्रवाई रोकने पर सहमति जताई।

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम’ की 150वीं वर्षगांठ का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि इस अवसर पर देशवासियों ने #VandeMataram150 अभियान में उत्साहपूर्वक भाग लिया।

उल्लेखनीय है कि इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी ने नई दिल्ली के इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में ‘वंदे मातरम’ के वर्षभर चलने वाले स्मरणोत्सव का उद्घाटन किया था। इस दौरान एक स्मारक डाक टिकट, सिक्का और विशेष पोर्टल भी लॉन्च किया गया था।

Related Articles

Back to top button