झांसी में संपूर्ण समाधान दिवस: भूमि विवादों और शिकायतों का त्वरित निस्तारण

संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी मृदुल चौधरी ने भूमि विवादों के शीघ्र निस्तारण और दबंग कब्जाधारियों पर FIR एवं गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई के निर्देश दिए।
- अमन कुमार
झांसी। झांसी में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी मृदुल चौधरी ने भूमि विवादों के शीघ्र निस्तारण और दबंग कब्जाधारियों के खिलाफ FIR एवं गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने सभी राजस्व कर्मियों और लेखपालों को अपने-अपने क्षेत्र में जाकर सेक्टर नाप सुनिश्चित करने और भविष्य में भूमि विवाद न उत्पन्न होने के उपाय अपनाने को कहा।

जिलाधिकारी ने उपस्थित लेखपालों को यह भी निर्देश दिया कि अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ FIR दर्ज करना सुनिश्चित किया जाए और यदि भूमि विवाद न सुलझे तो धारा 145 के तहत कार्रवाई की जाए। उन्होंने सभी प्रार्थनापत्रों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित कर आवेदनकर्ताओं को योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
इस अवसर पर गरीब महिला पिंकी पत्नी महादेव परिहार ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास और कृषि भूमि का पट्टा दिलाने की गुहार लगाई। उन्होंने बताया कि उनके पास स्वयं की कोई भूमि या मकान नहीं है और वह अपने पति व दो बच्चों के साथ किराए के मकान में रहती हैं।

संपूर्ण समाधान दिवस में प्रभागीय वनाधिकारी नीरज कुमार आर्या, एसडीएम सदर गोपेश तिवारी और समस्त जिलास्तरीय विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।



