रमजान व होली को लेकर उन्नाव में पैदल गश्त, एसएसपी ने परखा सुरक्षा इंतजाम

- विशाल कुमार
उन्नाव। रमजान माह एवं आगामी होली पर्व को सकुशल, शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने के उद्देश्य से 23 फरवरी 2026 को उन्नाव में व्यापक पैदल गश्त की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश सिंह के नेतृत्व में कस्बा सफीपुर क्षेत्र में पुलिस अधिकारियों और बल ने संवेदनशील इलाकों का जायजा लिया।
इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) प्रेमचंद, क्षेत्राधिकारी सफीपुर सोनम सिंह, सहायक पुलिस अधीक्षक (प्रशिक्षु) संचित शर्मा तथा थाना प्रभारी सफीपुर मय पुलिस बल मौजूद रहे। टीम ने थाना सफीपुर क्षेत्र के मिश्रित आबादी और भीड़-भाड़ वाले संवेदनशील स्थानों पर पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की।
पुलिस अधिकारियों ने स्थानीय व्यापारियों, धर्मगुरुओं और गणमान्य नागरिकों से संवाद कर आपसी भाईचारा और शांति बनाए रखने की अपील की। साथ ही अराजक तत्वों को कड़ी कार्रवाई की चेतावनी देते हुए अधीनस्थ अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जनपद पुलिस ने स्पष्ट किया कि पर्वों के दौरान कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही आमजन से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की गई है।



