“एक दीया मानवता के नाम” कार्यक्रम में प्रज्वलित हुई सौहार्द की ज्योति

भारतीय विचारक समिति ने सरसैया घाट पर मनाया अनूठा दीपोत्सव
- दिव्या पाण्डेय
कानपुर नगर। दिनांक 17 अक्टूबर 2025 को भारतीय विचारक समिति के तत्वावधान में “एक दीया मानवता के नाम” कार्यक्रम का आयोजन सरसैया घाट, सिविल लाइंस कानपुर में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. पी.एन. कोल ने की।
इस आयोजन का उद्देश्य दीपावली के पारंपरिक उत्सव को मानवता, सद्भाव और सहयोग के संदेश से जोड़ते हुए लोगों में सकारात्मक सोच का प्रसार करना था। कार्यक्रम में यह संदेश दिया गया कि “अंधकार चाहे कितना भी गहरा क्यों न हो, एक छोटा प्रकाश भी परिवर्तन ला सकता है” — जैसे एक दीया दूसरे दीये को जलाकर अपने प्रकाश को साझा करता है, वैसे ही हर व्यक्ति समाज में सकारात्मकता फैलाए।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राधे श्याम शर्मा (पीसीएस, अपर नगर मजिस्ट्रेट पंचम) उपस्थित रहे, जबकि विशिष्ट अतिथियों में प्रोफेसर राजेश द्विवेदी (डायरेक्टर, सीएसजेएम यूनिवर्सिटी), बलराम नरूला (एसोसिएशन अध्यक्ष) और प्रख्यात समाजसेवी डॉ. वंदना दुबे शामिल रहीं।

समिति की संरक्षक श्रीमती सृष्टि सिंह मरवाह (संयोजक) एवं सचिव ई. उमेश चंद्र दीक्षित ने दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम की शुरुआत की। इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों एवं समिति सदस्यों ने 501 दीपों का सामूहिक प्रज्वलन कर मानवता का संदेश दिया।

कार्यक्रम को सफल बनाने में मेहर बहादुर सिंह, प्रोफेसर अलका कश्यप, प्रोफेसर अलका तांगड़ी, हिना अफशान, रचना सिंह, अनिता मिश्रा, मीनू वाजपेयी, श्री कृष्ण दीक्षित (बड़े), अनुनेन्द्र सोनी, सुभाष चंद्र शुक्ल, सुखदेव शुक्ला, गुलशन धूपड़, श्रीमती भावना राठौर और मीरा गुप्ता सहित अनेक गणमान्य नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम ने दीपावली के पारंपरिक उत्सव को “मानवता के उत्सव” के रूप में मनाने का एक प्रेरणादायी संदेश दिया।



