NEWSUttar Pradesh

होली व रमजान को लेकर पीस कमेटी बैठक, अफवाह फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी

  • विशाल कुमार

उन्नाव। जनपद में आगामी होली पर्व और रमजान माह को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से मंगलवार (25 फरवरी 2026) को थाना कोतवाली सदर परिसर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में उपजिलाधिकारी सदर क्षितिज द्विवेदी और क्षेत्राधिकारी नगर विनी सिंह ने प्रभारी निरीक्षक कोतवाली सदर के साथ धर्मगुरुओं, संभ्रांत नागरिकों, विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजकों और डिजिटल वालंटियर्स से संवाद किया।

अधिकारियों ने सभी से त्योहारों को आपसी भाईचारे, सौहार्द और समन्वय के साथ मनाने की अपील की। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनपद में कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की अफवाह, भ्रामक सूचना या सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट प्रसारित करने वालों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

डिजिटल वालंटियर्स को निर्देश दिए गए कि वे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सतर्क निगरानी रखें और किसी भी भ्रामक या अफवाह संबंधी सामग्री की सूचना तत्काल पुलिस प्रशासन को दें। वहीं कार्यक्रम आयोजकों को निर्धारित समय, मार्ग और ध्वनि संबंधी नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि त्योहारों के दौरान पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी और निरंतर गश्त की व्यवस्था रहेगी। बैठक में उपस्थित सभी लोगों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का भरोसा दिलाया।

Related Articles

Back to top button