NEWSUttar Pradesh

“वन नेशन वन इलेक्शन” जनजागरूकता हेतु भाजपा उत्तर जिले की बैठकें संपन्न

  • अंकित बाजपेई

कानपुर नगर। भाजपा कानपुर महानगर उत्तर जिले द्वारा “एक राष्ट्र, एक चुनाव” जनजागरूकता अभियान के तहत आज भाजपा नवीन मार्केट कार्यालय में महत्वपूर्ण बैठकों का आयोजन किया गया। इन बैठकों की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष अनिल दीक्षित ने की, जबकि जिला प्रभारी एवं निवर्तमान अध्यक्ष दीपू पांडे विशेष रूप से उपस्थित रहे।

बैठक में जिला पदाधिकारी, मंडल प्रभारी, मोर्चा प्रकोष्ठ संयोजक, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। इस दौरान आगामी 13 सितंबर को नानाराव पार्क से भारत माता प्रतिमा तक आयोजित होने वाली “रन फॉर वन नेशन वन इलेक्शन” मैराथन की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा हुई।

निर्णय लिया गया कि इस दौड़ में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ-साथ विभिन्न सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों की भी व्यापक भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। जिला मीडिया प्रभारी अनुराग शर्मा ने बताया कि इस कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय पदाधिकारी अथवा कोई केंद्रीय मंत्री मुख्य अतिथि होंगे, जिससे अभियान को और जनसमर्थन मिलेगा।

बैठक को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष अनिल दीक्षित ने कहा कि “वन नेशन वन इलेक्शन” न केवल राजनीतिक स्थिरता लाने में सहायक है, बल्कि यह संसाधनों की बचत और प्रशासनिक दक्षता बढ़ाने का भी साधन है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि जनता तक इस विचारधारा का महत्व पहुंचाना हम सबकी जिम्मेदारी है।

वहीं, निवर्तमान जिला अध्यक्ष दीपू पांडे ने कहा कि यह मैराथन सिर्फ खेल आयोजन नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक सुधार की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनता के बीच जाकर अभियान को सफल बनाने का आग्रह किया।

बैठक का संचालन महामंत्री संतोष शुक्ला ने किया। इस दौरान युवा मोर्चा अध्यक्ष शिवांग मिश्रा, सरोज सिंह, अनूप चौधरी, राशिद आरफी, अनुभव कटियार, अनुप्रिया दोषी, डॉ. ए.पी. मौर्या, अभिषेक चित्रगुप्त, प्रकाश श्रीवास्तव, मनोज शुक्ला महाकाल, राहुल मिश्रा, शैलेन्द्र द्विवेदी, परमानंद शुक्ला, अतुल दीक्षित, मनु गोयल सहित अनेक पदाधिकारी और सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button