“रन फॉर यूनिटी” में उमड़ा उत्साह, लौह पुरुष सरदार पटेल की जयंती पर भाजपा उत्तर जिले का भव्य आयोजन

- दिव्या पाण्डेय
कानपुर नगर। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी, कानपुर उत्तर जिला की ओर से आज “रन फॉर यूनिटी” का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के पूर्व उपमुख्यमंत्री और राज्यसभा सदस्य डॉ. दिनेश शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ सुबह 11 बजे मूलगंज चौराहे पर हुआ, जहां डॉ. शर्मा ने सरदार पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर महापौर प्रमिला पांडे, सांसद रमेश अवस्थी, विधायक नीलिमा कटियार, विधायक सुरेंद्र मैथानी, भाजपा उत्तर जिला अध्यक्ष अनिल दीक्षित समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।
सुबह 11:30 बजे मूलगंज चौराहे से “रन फॉर यूनिटी” प्रारंभ हुई। सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने हाथों में तिरंगा लेकर “भारत माता की जय” और “सरदार पटेल अमर रहें” के नारे लगाए। यात्रा के दौरान मार्ग में जगह-जगह पुष्पवर्षा कर प्रतिभागियों का स्वागत किया गया।
लाटूश रोड पर विधायक महेश त्रिवेदी ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया, जबकि बांसमंडी चौराहे पर भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा ने स्वागत किया। डिप्टी पड़ाव चौराहे पर रायपुरवा मंडल अध्यक्ष गौरव पांडे के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने पुष्पवर्षा की।
यात्रा का समापन चंद्रिका देवी चौराहे पर हुआ। इस दौरान संबोधित करते हुए डॉ. दिनेश शर्मा ने कहा—
“सरदार वल्लभभाई पटेल ने भारत की एकता की मजबूत नींव रखी थी। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उसी ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के संकल्प को साकार कर रहे हैं। सरदार पटेल हमारे देश की अखंडता, एकता और आत्मनिर्भरता के प्रतीक हैं।”
समापन समारोह में एमएलसी सलिल विश्नोई, दीपू पांडे, दिनेश राय, रवींद्र पाटनी, क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी अनूप अवस्थी, जिला मीडिया प्रभारी अनुराग शर्मा सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और नागरिक उपस्थित रहे।
अनुराग शर्मा ने बताया कि उत्तर जिले के सभी 1258 बूथों पर सरदार पटेल के चित्र स्थापित कर पुष्पांजलि अर्पित की गई और उनके जीवन से प्रेरणा लेने का संकल्प लिया गया।

डॉ. दिनेश शर्मा ने कहा — “सरदार पटेल की दूरदर्शिता से बना मजबूत भारत”
कार्यक्रम के बाद भाजपा नेता विशाल जायसवाल के नेहरू नगर स्थित आवास पर आयोजित प्रेस वार्ता में डॉ. दिनेश शर्मा ने कहा कि
“सरदार पटेल ने आज़ादी के बाद 552 रियासतों को एक सूत्र में पिरोकर एक भारत, मजबूत भारत की नींव रखी। उनकी दूरदर्शिता और दृढ़ इच्छाशक्ति के कारण ही आज भारत एक सशक्त राष्ट्र के रूप में खड़ा है।”
उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की संकल्पना “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” केवल एक नारा नहीं बल्कि राष्ट्र की एकता और अखंडता को साकार करने का मार्ग है।
डॉ. शर्मा ने कहा कि “आत्मनिर्भर भारत” केवल एक योजना नहीं, बल्कि भारत की आत्मा है। स्वदेशी उत्पादों को अपनाना अब एक आंदोलन बन चुका है। भारत आज अपने संसाधनों और नवाचारों के बल पर वैश्विक मंच पर नई पहचान बना रहा है।
उन्होंने यह भी कहा कि मोदी सरकार ने मध्यम वर्ग को इनकम टैक्स में छूट देकर बड़ी राहत दी है, जिससे आमजन को आर्थिक मजबूती मिली है।

एसआईआर (सिटिजनशिप वेरिफिकेशन) को लेकर विपक्ष के विरोध पर डॉ. शर्मा ने कहा कि—
“कांग्रेस को देश के नागरिकों से नहीं, बल्कि अवैध घुसपैठियों से चिंता है। मोदी सरकार का यह कदम देश की सुरक्षा और पारदर्शिता सुनिश्चित करने की दिशा में ऐतिहासिक है।”
उन्होंने कहा कि बिहार में एनडीए की सरकार बनने जा रही है, और विपक्ष इसी कारण घबराहट में है। जनता ने तय कर लिया है कि अब विकास और सुशासन की राह रुकने नहीं देंगे।
अंत में उन्होंने कहा कि भाजपा, सरदार पटेल के दिखाए मार्ग पर चलते हुए, एकता, अखंडता और आत्मनिर्भर भारत के सपने को साकार करने के लिए प्रतिबद्ध है।
“प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व मंच पर नई ऊंचाइयों को छू रहा है,” — डॉ. दिनेश शर्मा।
प्रेस वार्ता का संचालन जिला मीडिया प्रभारी अनुराग शर्मा ने किया। इस अवसर पर सांसद रमेश अवस्थी, जिला अध्यक्ष अनिल दीक्षित, विधायक नीलिमा कटियार, सुरेंद्र मैथानी, महेश त्रिवेदी और अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
“रन फॉर यूनिटी” कार्यक्रम के संयोजक अनुपम मिश्रा, सत्यम गुप्ता और नवाब सिंह रहे।



