जिला कारागार सिद्धार्थनगर में तीन दिवसीय ‘ध्यान – सहज मार्ग : एक प्राकृतिक साधना’ कार्यक्रम शुरू

- अमित कुमार
सिद्धार्थ नगर। जिला कारागार सिद्धार्थनगर में आज से रामचंद्र मिशन–हार्टफुलनेस संस्थान के सौजन्य से तीन दिवसीय ‘ध्यान – सहज मार्ग : एक प्राकृतिक साधना’ कार्यक्रम की शुरुआत हुई। यह संपूर्ण ध्यान शिविर संस्थान के वैश्विक मार्गदर्शक पूज्य श्री कमलेश जी पटेल “दाजी” के प्रेरणादायी दिशा-निर्देशों पर आधारित है।
कार्यक्रम के उद्घाटन पर जेल अधीक्षक सचिन वर्मा ने बंदियों को संबोधित करते हुए कहा कि “हार्टफुलनेस ध्यान मन को शांति, स्थिरता और सकारात्मकता प्रदान करने वाली अद्भुत साधना है। ऐसे कार्यक्रम बंदियों के मानसिक स्वास्थ्य, व्यवहार और जीवन-दृष्टिकोण में महत्वपूर्ण बदलाव लाते हैं। हम श्री रामचंद्र मिशन के इस सराहनीय प्रयास का स्वागत करते हैं।”

ध्यान शिविर के प्रथम सत्र का संचालन मिशन के अनुभवी प्रशिक्षकों ने किया। प्रशिक्षक दल ने सहज मार्ग की वैज्ञानिक, सरल और हृदय-केन्द्रित ध्यान प्रक्रिया के साथ-साथ पूज्य दाजी द्वारा प्रतिपादित हार्टफुलनेस मेडिटेशन के मूल सिद्धांतों की विस्तृत जानकारी दी। सामूहिक ध्यान के दौरान बंदियों ने मानसिक शांति, सुकून तथा हल्केपन का अनुभव करते हुए इसे एक नई आध्यात्मिक शुरुआत बताया।
अधीक्षक सचिन वर्मा ने आगे कहा कि सुधारात्मक एवं आध्यात्मिक गतिविधियों की श्रृंखला में यह ध्यान शिविर अत्यंत महत्वपूर्ण है। इससे बंदियों में आत्म-नियंत्रण, धैर्य, संतुलन और बेहतर व्यक्तित्व निर्माण की दिशा में सकारात्मक परिवर्तन आएगा।
कार्यक्रम में प्रशिक्षक दल, जेल कर्मी और विभिन्न बैरकों से बड़ी संख्या में बंदियों ने सहभागिता की। तीन दिवसीय यह शिविर आगामी दो दिनों तक जारी रहेगा, जिसके बाद समापन सत्र आयोजित किया जाएगा।



