उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने गहन मतदाता पुनरीक्षण अभियान का किया स्थलीय निरीक्षण

- दिव्या पाण्डेय
कानपुर नगर। गहन मतदाता पुनरीक्षण अभियान की प्रगति का आकलन करने के लिए उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री डॉ. ब्रजेश पाठक ने आज दोपहर लगभग 2 बजे सीसामऊ विधानसभा क्षेत्र के चुन्नीगंज मंडल स्थित पीएसजीएम मेमोरियल पोलिंग सेंटर का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ भाजपा कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल भी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान उप मुख्यमंत्री ने बूथ संख्या 41 से 47 तक वितरित न्यूमरेशन फॉर्म, उनकी प्राप्ति, जमा स्थिति तथा बीएलओ द्वारा किए जा रहे कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने बूथ अध्यक्षों एवं बीएलए-2 को निर्देश देते हुए कहा कि कोई भी पात्र मतदाता छूटने न पाए। जिन परिवारों के फॉर्म अब तक नहीं भरे गए हैं, वहां स्वयं जाकर फॉर्म भरवाए जाएँ।
उप मुख्यमंत्री ने फॉर्म सत्यापन, त्रुटि-रहित प्रविष्टियों और समय पर जमा कराने पर विशेष बल दिया।

क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने भी कार्यकर्ताओं को प्रेरित करते हुए कहा कि निर्वाचन आयोग द्वारा दिए गए समय-विस्तार का अधिकतम उपयोग किया जाए, ताकि हर पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज हो सके।
इसी क्रम में जिला अध्यक्ष अनिल दीक्षित ने सीसामऊ विधानसभा के कौशलपुरी मंडल के वार्ड 5 के बूथ नंबर 157 से 170 तथा कल्याणपुर विधानसभा के गीता मंडल के बूथ नंबर 170 से 186 तक घर–घर जाकर न्यूमरेशन फॉर्म जमा करने की अपील की। उन्होंने बूथों का निरीक्षण करते हुए बीएलओ से जमा फॉर्म की स्थिति पर जानकारी ली और प्रत्येक बूथ पर सक्रिय हेल्प डेस्क रखने के निर्देश दिए। इस दौरान अभिनव दीक्षित, राजेश जोशी, भानु सिंह, रीता पासवान और धीरज साहू भी मौजूद रहे।
उधर, भाजपा जिला मीडिया प्रभारी अनुराग शर्मा ने वार्ड 81 के बूथ नंबर 222 से 224 पर घर–घर संपर्क कर नागरिकों से न्यूमरेशन फॉर्म जमा करने का आग्रह किया।
उप मुख्यमंत्री के इस निरीक्षण के बाद कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह देखने को मिला और अभियान को और गति मिलने का संदेश स्पष्ट रूप से दिखाई दिया।
इस संबंध में जिला मीडिया प्रभारी अनुराग शर्मा ने प्रेस विज्ञप्ति जारी की है।



