पूर्व DGP प्रशांत कुमार की पत्नी ने रखी मन की बात, प्रेमानंद महाराज ने दिया शुभ संदेश

उत्तर प्रदेश के पूर्व डीजीपी प्रशांत कुमार अपनी पत्नी डिंपल वर्मा और बेटी के साथ वृंदावन में प्रेमानंद महाराज से मिले। इस दौरान डिंपल वर्मा ने बेटी के विवाह की बात कही, जिस पर महाराज जी ने इसे भगवान की सेवा बताया।
- दिव्या सिंह
मथुरा/वृंदावन: उत्तर प्रदेश के पूर्व पुलिस महानिदेशक (DGP) प्रशांत कुमार अपने परिवार के साथ वृंदावन स्थित संत प्रेमानंद महाराज से मिलने पहुँचे। इस दौरान उनकी पत्नी आईएएस डिंपल वर्मा और बेटी भी साथ थीं।
मुलाकात के दौरान डिंपल वर्मा ने बेटी के विवाह की बात रखी। प्रेमानंद महाराज ने इसे भगवान की सेवा बताते हुए कहा कि परिवार की सेवा भी ईश्वर की सेवा के समान है। महाराज ने बताया, “भगवान ने आपके परिवार के लिए जो उचित जीवनसाथी तय किया है, उसे खोजने का प्रयास करते रहिए और साथ ही भगवान का सुमिरन करते रहिए।”
प्रेमानंद महाराज ने प्रशांत कुमार को यह भी स्मरण कराया कि अब उनका जीवन देश और समाज की सेवा करने के बाद भगवान की भक्ति और चिंतन में समर्पित होना चाहिए। उन्होंने कहा, “मनुष्य जीवन का अंतिम फल यही है कि जब हमारा शरीर छूटे, तो हमारी यादें और कर्म भगवान की स्मृति में हों।”
पूर्व DGP प्रशांत कुमार ने इस साल 31 मई 2025 को उत्तर प्रदेश पुलिस महानिदेशक के पद से रिटायरमेंट लिया था। तेज-तर्रार और निष्ठावान अफसर के रूप में पहचाने जाने वाले प्रशांत कुमार और उनका परिवार हाथ जोड़कर महाराज के आशीर्वाद में खड़ा रहा।



