फर्रुखाबाद प्रकरण को लेकर व्यापार मंडल ने सौंपा ज्ञापन, फर्जी मुकदमा निरस्त करने की मांग

- पूजा परिहार
झांसी। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल, झांसी इकाई द्वारा बुधवार को प्रांतीय निर्देशानुसार युवा प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र सोनी (जीतू सोनी) के नेतृत्व एवं जिलाध्यक्ष उमेश गुप्ता की अध्यक्षता में मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से सौंपा गया।
ज्ञापन में बताया गया कि उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल प्रदेश का मान्यता प्राप्त प्रमुख व्यापारी संगठन है। संगठन के प्रांतीय युवा पदाधिकारी अंकुर श्रीवास्तव के विरुद्ध फर्रुखाबाद पुलिस द्वारा कथित रूप से मनमाने और प्रतिशोधात्मक तरीके से फर्जी मुकदमा दर्ज किया गया है।
संगठन का आरोप है कि अंकुर श्रीवास्तव ने फर्रुखाबाद क्षेत्र के एक चौकी इंचार्ज के खिलाफ व्यापारियों के साथ कथित दुर्व्यवहार और भ्रष्टाचार की शिकायत वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से की थी। शिकायत पर कार्रवाई न होने के विरोध में उन्होंने शांतिपूर्ण मशाल जुलूस निकाला। इसके बाद जिला पुलिस प्रशासन ने उनके तथा अन्य व्यापारियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। साथ ही व्यापारियों को मुकदमे का भय दिखाकर अवैध वसूली किए जाने का भी आरोप लगाया गया है।
व्यापार मंडल ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि मामले का संज्ञान लेते हुए व्यापारियों पर दर्ज मुकदमे को निरस्त किया जाए, संबंधित चौकी इंचार्ज की निष्पक्ष जांच कराकर उनके विरुद्ध कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
इस अवसर पर नरेश गुप्ता, अतुल काल्पनिक, प्रदीप त्रिपाठी, बृजबिहारी सोनी, जयकिशन प्रेमानी, आदर्श गुप्ता, पुनीत अग्रवाल, जगदीश बजाज, अनुज मुड़िया, मनोज रेजा, अशोक अग्रवाल, राकेश निगम, अशोक साहू, प्रभात सोनी, बलवीर कुशवाहा, अवतार खटीक, उमर सिद्दीकी, अभी शर्मा, अरविंद तिवारी खैलार, काजू महाराज, सुनील हिरवानी, प्यारेलाल यादव, वासुदेव नैनवानी, सुरेश साहू, दीपक दलवानी, राजेश गुप्ता (बबीना), जोगिंदर सिंह, श्रीमती कंचन आहूजा, श्रीमती नीलम खन्ना, श्रीमती उषा सचान, श्रीमती रजनी गुप्ता, श्रीमती कुसुम साहू, श्रीमती उषा सेन, श्रीमती मीनल गुप्ता, मीनू सोनी, राजेंद्र सिंह प्रजापति, सुनील कुमार अग्रवाल, अशोक सिंघल, राकेश शर्मा, धीरेंद्र सोनी, राजेंद्र शर्मा और महेश डोंगरे सहित अनेक पदाधिकारी एवं व्यापारी उपस्थित रहे।



