दीपों संग बिखरी मुस्कानें: DM ने बाल गृह की बालिकाओं संग मनाई दीपावली

- प्रियंका द्विवेदी
कानपुर नगर। दीपावली की खुशियों में संवेदनाओं की रोशनी घोलते हुए जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने रविवार को स्वरूप नगर स्थित राजकीय बाल गृह (बालिका) में बालिकाओं के साथ दीपावली मनाई। इस दौरान उन्होंने दीप जलाए, फल वितरित किए और संस्था को एक म्यूजिक सिस्टम भेंट किया।
अचिन्त्य फाउंडेशन के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में बालिकाओं ने गीत और कविताओं की प्रस्तुति देकर सभी का दिल जीत लिया। दीपों की चमक और बालिकाओं के चेहरों पर खिली मुस्कान ने पूरे परिसर को उमंग और अपनत्व से भर दिया।
जिलाधिकारी ने कहा कि दीपावली केवल रोशनी का नहीं, बल्कि प्रेम और संवेदनाओं को बांटने का पर्व है। समाज के सक्षम लोगों को ऐसे अवसरों पर वंचित बच्चों के साथ समय बिताना चाहिए ताकि वे भी त्योहार की खुशी महसूस कर सकें।
कार्यक्रम के अंत में जिलाधिकारी ने बालिकाओं को मिठाई और उपहार देकर उनके उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।



